
सिंगरौली । सिंगरौली के युवा धावक अंजनी कुमार ने तिरंगा हाथ में लेकर 40.01 किलोमीटर की मेगा तिरंगा दौड़ पूरी कर जिले का गौरव बढ़ाया है। एनसीएल कर्मचारी श्रवण कुमार के पुत्र अंजनी ने 28 जुलाई को भोपाल के तात्या टोपे टीटी नगर स्टेडियम में बिना रुके यह चुनौतीपूर्ण दौड़ पूरी कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स आईबीआर में अपना दावा प्रस्तुत किया है।
जीपीएस ट्रैकर के अनुसार अंजनी ने 40.01 किलोमीटर की दूरी 6 घंटे 11 मिनट में पूरी की, जबकि पूरी दौड़ का यूट्यूब पर 6 घंटे 37 मिनट तक लाइव प्रसारण हुआ। रिकॉर्ड के सत्यापन के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण आईबीआर को भेजे गए हैं। अंजनी कुमार ने बताया कि यह प्रयास किसी व्यक्तिगत उपलब्धि के लिए नहीं, बल्कि भारतीय सेना के वीर जवानों और देश के अमर शहीदों के सम्मान को समर्पित है। उनका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है। स्थानीय लोगों ने अंजनी की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे सिंगरौली के लिए गौरव का क्षण बताया। दावा सत्यापित होने पर उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो सकता है।
