अमेरिका ने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के बीच मिसाइल भंडार की कमी से निपटने के लिए 25.4 अरब डॉलर की मांग की़

मॉस्को, 07 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिका के रक्षा विभाग ने ईरान के खिलाफ जारी ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी को पूरा करने के लिए वित्त वर्ष 2027 में बजट में कई गुना वृद्धि का प्रस्ताव रखा है।

स्पुतनिक संवाददाता द्वारा पेंटागन की हालिया बजट रिपोर्ट के विश्लेषण के अनुसार, अमेरिका टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (टीएचएएडी) और पैट्रियट एडवांस्ड कैपेबिलिटी-3 मिसाइल सेगमेंट एन्हांसमेंट (पीएसी -3 एमएसई) मिसाइलों के लिए कुल 25.4 अरब डॉलर का प्रावधान करना चाहता है।

यह वित्तीय बढ़ोतरी उस समय सामने आई है जब ऑपरेशन के शुरुआती हफ्तों में बड़ी संख्या में इंटरसेप्टर मिसाइलों के उपयोग से अमेरिकी भंडार में गंभीर कमी पैदा हो गई है। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तेज़ गिरावट ने रणनीतिक कमजोरियां पैदा कर दी हैं, खासकर ऐसे समय में जब ईरान ड्रोन और मिसाइलों के बड़े पैमाने पर उत्पादन में बढ़त बनाए हुए है।

इस कमी को दूर करने के प्रयास में रक्षा विभाग ने वित्त वर्ष 2027 के लिए टीएचएएडी और पीएसी -3 एमएसई प्रणालियों पर कुल 25.4 अरब डॉलर खर्च करने का प्रस्ताव रखा है। टीएचएएडी कार्यक्रम में सबसे बड़ा बदलाव देखा गया है, जिसे मिसाइल डिफेंस एजेंसी से हटाकर अमेरिकी सेना के अधीन कर दिया गया है। इसके साथ ही इसकी फंडिंग में 1,289 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इसे 2026 के 823.125 मिलियन डॉलर से बढ़ाकर 11.435 अरब डॉलर कर दिया गया है।

वहीं, पीएसी -3 एमएसई कार्यक्रम में भी बड़े स्तर पर विस्तार प्रस्तावित है। अमेरिकी सेना ने इसके लिए 12.229 अरब डॉलर की मांग की है, जो 2026 में आवंटित 1.646 अरब डॉलर की तुलना में 642.9 प्रतिशत अधिक है।

इसके साथ ही, अमेरिकी नौसेना ने पहली बार अपने युद्धपोतों के लिए पीएसी -3 एमएसई मिसाइलों की खरीद शुरू करने के उद्देश्य से 1.731 अरब डॉलर का बजट मांगा है। यह एक महत्वपूर्ण रणनीतिक विस्तार माना जा रहा है, जिससे सेना की प्रमुख जमीनी इंटरसेप्टर प्रणाली को पहली बार नौसेना के बेड़े में शामिल किया जाएगा।

 

 

Next Post

सारनी में हेमंत धोटे बने कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष

Tue Apr 7 , 2026
सारनी। नगर के युवा नेता हेमंत धोटे को कांग्रेस संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपते हुए सारनी मंडलम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिला स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सभी ब्लॉकों में मंडलम अध्यक्षों की नियुक्ति की जा रही है। जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के […]

You May Like