इंदौर:टिगरिया बादशाह रोड पर अप्रैल में 121 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में तीसरी गिरफ्तारी की है. जांच के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के राहुल राठौड़ को पकड़ा है. पुलिस अब उससे ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसमें कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी जानकारी जुटा रही है.
15 अप्रैल को क्राइम ब्रांच ने टिगरिया बादशाह रोड पर टीसीएस चौराहे के पास नाहरगढ़ निवासी शैलेन्द्र चौहान को पकड़ा था. उसके पास से 121 ग्राम एमडी मिली थी, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई. पूछताछ के बाद पुलिस ने इसी मामले में नाहरगढ़ के चेतन राठौर को भी गिरफ्तार किया था. दोनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस राहुल तक पहुंची. उसे मंदसौर से पकड़कर इंदौर लाया गया.
राहुल खेती किसानी करता है और 10वीं तक पढ़ा है. शामगढ़ थाने में उसके खिलाफ मारपीट और जुआ एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं. एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान राहुल के बारे में जानकारी मिली थी. उसे गिरफ्तार कर लिया है और उससे ड्रग्स के स्रोत तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
