
ग्वालियर। नगर निगम परिषद की बैठक में आज सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर की जर्जर सड़कों और श्मशान घाटों की अव्यवस्थाओं को लेकर गंभीर मुद्दे उठाए। बिना किसी शोर-शराबे और हंगामे के चली इस बैठक में सभी पार्षदों की सहमति से शहर की जनसमस्याओं के समाधान का प्रस्ताव पारित किया गया। सभापति मनोज सिंह तोमर ने नगर निगम आयुक्त को इन सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 7 दिनों की समय-सीमा तय की है।
पार्षदों ने रखी अपने-अपने क्षेत्रों की गंभीर समस्याएं
दीपक ने लगाया पार्षद निधि के दुरुपयोग का आरोप
पार्षद दीपक माझी ने अपने क्षेत्र में पार्षद निधि में धांधली का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए 2,85,000 की राशि स्वीकृत हुई थी। आरोप है कि ठेकेदार ने अधिकारियों से मिलीभगत कर केवल एक छोटी पुलिया बनाकर पूरा बिल पास करा लिया। पूछताछ करने पर अधिकारियों ने गोलमोल जवाब देते हुए राशि को कहीं और उपयोग करने की बात कही, जो कि नियमों के विपरीत है। उनका कहना है कि 7 दिन का समय मिला है यदि मेरी पार्षद निधि मेरे क्षेत्र में उपयोग नहीं की गई तो मैं आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना दूंगा।
सड़कों और सीवर की दुर्दशा पर पोस्टर प्रदर्शन पार्षद आशा सुरेंद्र यादव अपने क्षेत्र की जर्जर सड़कों और सीवर भराव की तस्वीरों वाले पोस्टर के साथ परिषद में पहुंचीं। उन्होंने कहा कि ‘सत्यनारायण की टेकरी रोड’ का निर्माण कार्य ठेकेदार की लापरवाही के कारण अटका हुआ है। उनके वार्ड की घोसीपुरा, झाड़ू वाला मोहल्ला सहित कई सड़कों पर सीवर का गंदा पानी भरा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आगे की रणनीति बनाएंगी, क्योंकि जनता उन्हें रात-दिन घेर रही है।
श्मशान घाटों की अव्यवस्था व लकड़ी के विकल्प की मांग: 18 ग्रामीण ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रतिनिधि जंडेल सिंह यादव ने बीरपुर बांध के पास श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग बनाने, टीन शेड लगवाने, सभी श्मशान घाटों की रसीद एक ही केंद्र से कटवाने की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने महंगी लकड़ी की समस्या से आम जनता को राहत दिलाने के लिए गौशालाओं से कम दरों पर कंडे (गोकाष्ठ) उपलब्ध कराने की बात कही।
आयुक्त को 7 दिन की मोहलत, भूमि पूजन का पेंच होगा दूर
नगर निगम सभापति मनोज सिंह तोमर ने बताया कि परिषद में शहर की सड़कों और श्मशान घाटों की स्थिति सुधारने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया है। सुलभ अंत्येष्टि व्यवस्था: लकड़ी के कम इस्तेमाल और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सभी श्मशान घाटों पर गौशालाओं के माध्यम से कम दरों पर कंडे/गोकाष्ठ उपलब्ध कराए जाएंगे। बुनियादी सुविधाएं: जिन श्मशान घाटों पर टीन शेड नहीं हैं, वहां टीन शेड लगाए जाएंगे। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे।
पहुंच मार्ग: श्मशान घाटों तक जाने वाले मुख्य व कच्चे पहुंच मार्गों का प्राथमिकता से डामरीकरण/सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। सभापति मनोज सिंह तोमर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत प्रस्तावों के तहत 7 दिनों के भीतर धरातल पर काम शुरू हो जाना चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
परसों करूंगा समीक्षा प्राथमिकता से पूरे होंगे कार्य
नगर निगम आयुक्त संघप्रिय ने परिषद में उठे सभी विषयों की गंभीरता को स्वीकार करते हुए समीक्षा बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। आयुक्त ने बताया कि शहर की कई सड़कों के कार्य आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा समय पर भूमि पूजन न हो पाने के कारण काम शुरू नहीं हो सका था। प्रोटोकॉल के तहत जनप्रतिनिधियों से भूमि पूजन कराकर सभी स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाएगा। बारिश की वजह से जो डामरीकरण के काम रुके हैं, उन्हें बारिश बंद होते ही युद्धस्तर पर पूरा कराया जाएगा।