
जबलपुर। शहर में अधिकांश इलाकों में नगर निगम जबलपुर द्वारा दूषित/जहरीले पानी की सप्लाई करने के आरोपों के साथ जनहित में कांग्रेस ने शनिवार से आंदोलन शुरू कर दिया है। शनिवार को आंदोलन की शुरूआत नगर निगम मुख्यालय के सामने दिए गए धरना प्रदर्शन के साथ हुई। इस दौरान कांग्रेसियों ने इंदौर के भागीरथपुरा में कई लोगों की दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर एक दिन का उपवास रखा और नगर निगम प्रशासन व नगर सत्ता के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द ही वे होश में आ जाएं नहीं हो आने वाली स्थिति ठीक नहीं होगी। नगर निगम के जिम्मेदारों को जगाने के लिए कांग्रेसियों द्वारा शनिवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया गया है। यह उपवास प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर आयोजित किया गया। नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा के अनुसार 18 जनवरी से नगर निगम के सामने रोज़ाना धरना एवं विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान सौरभ नाटी शर्मा ,अध्यक्ष, कांग्रेस ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण जबलपुर की जनता दूषित और जहरीला पानी पीने को मजबूर है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी। 18 जनवरी से रोज़ाना आंदोलन कर जनता की आवाज़ बुलंद की जाएगी। वहीं विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि पीने का स्वच्छ पानी जनता का अधिकार है। नगर निगम इस जिम्मेदारी में असफल रहा है। कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी। उपवास कार्यक्रम में विधायक लखन घनघोरिया, प्रवेंद्र चौहान ,भारत पटेल, राजकुमार खुराना, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, कदीर सोनी, सम्मति सैनी, सतीश तिवारी संतोष दुबे पंडा, अयोध्या तिवारी, अतुल बाजपेई, याकूब अंसारी, वकील अंसारी, अख्तर अंसारी, मनीष चंसोरिया, गीताशरद तिवारी, बलवंत सिंह गुर्जर, प्रमोद पटेल, आशु वत्स, मेवालाल पटेल, रिंकू यादव अभिषेक चंदेल, समर्थ अवस्थी, ताहिर खान, सिकंदर खान, नीलू सोनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसियों की उपस्थिति रही।
ऐसा रहेगा प्रदर्शन का कार्यक्रम
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने बताया कि 18 जनवरी-सेवादल, 19 जनवरी-युवक कांग्रेस, 20 जनवरी-एनएसयूआई, 21 जनवरी -महिला कांग्रेस, 22 जनवरी-पिछड़ा वर्ग विभाग, 23 जनवरी-एस.टी. विभाग, 24 जनवरी -अल्पसंख्यक विभाग, 25 जनवरी-पूर्व विधानसभा, 26 जनवरी-कैंट विधानसभा, 27 जनवरी-उत्तर विधानसभा, 28 जनवरी-पश्चिम विधानसभा, 29 जनवरी-पूर्व पार्षद कांग्रेस, 30 जनवरी-विभिन्न प्रकोष्ठ द्वारा धरना दिया जाएगा। 31 जनवरी को मानव श्रृंखला और1 फरवरी को मशाल जुलूस निकाला जायेगा।
