भोपाल: नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़ा संविधान संशोधन बिल लोकसभा में गिरने के बाद मध्यप्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज होती जा रही है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. हितेश बाजपेई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कांग्रेस की गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस खेमे में असामान्य चुप्पी देखी जा रही है, जो किसी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की ओर इशारा कर सकती है।
डॉ. बाजपेई ने अपने पोस्ट में इंदौर की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि शोभा जी ने मीडिया के सवालों से दूरी बनाई। उन्होंने इसे महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर असहजता या फिर पार्टी के भीतर किसी प्रकार की असहमति से जोड़कर देखा। साथ ही यह भी कहा कि बाद में काफी प्रयासों के बाद उनका प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होना तय हुआ, लेकिन भाजपा के कार्यक्रम से पहले संयुक्त रूप से मीडिया के सामने आने से उन्होंने परहेज किया।भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस की इस स्थिति को सियासी खामोशी बताते हुए संकेत दिए कि पार्टी के भीतर कुछ बड़ा चल रहा है। हालांकि कांग्रेस की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
