जोधपुर में राजीव गांधी फिनटेक डिजिटल इंस्टीट्यूट का काम अधर में लटका-गहलोत

जयपुर 05 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जोधपुर में राजीव गांधी फिनटेक डिजिटल इंस्टीट्यूट का काम अधर में लटका देने का आरोप लगाया हैं।

श्री गहलोत ने रविवार को अपनी सोशल मीडिया श्रृंखला इंतजारशास्त्र की 14वीं कड़ी में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमता (एआई), डेटा एनालिटिक्स और साइबर सिक्योरिटी जैसी आधुनिक तकनीकों में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने के संकल्प के साथ हमारी कांग्रेस सरकार ने जोधपुर में ‘राजीव गांधी फिनटेक डिजिटल इंस्टीट्यूट’ की आधारशिला रखी थी लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस संस्थान का काम मार्च 2024 तक पूरा हो जाना चाहिए था, उसे आज भाजपा सरकार की उदासीनता ने अधर में लटका दिया है।

उन्होंने कहा कि पहले केंद्र सरकार ने 15वें वित्त आयोग की सिफारिश के बावजूद इसके लिए 400 करोड़ रुपए का फंड देने से इनकार किया और अब राज्य की भाजपा सरकार इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की गति धीमी कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। आखिर भाजपा को प्रदेश की प्रगति और युवाओं के कौशल विकास से क्या आपत्ति है। राजनीति अपनी जगह है लेकिन जनहित की परियोजनाओं को रोकना प्रदेश को पीछे धकेलने जैसा है।

श्री गहलोत ने कहा ” मुख्यमंत्रीजी, इस ‘इंतजार’ को खत्म कर संस्थान का काम तुरंत पूरा करवाएं ताकि राजस्थान के युवा बदलती दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें।”

 

Next Post

रंगमहल से पलाश होटल तक चला निगम का डंडा, हाथ ठेले और गुमठियां हटाईं; पुलिस बल रहा तैनात

Sun Apr 5 , 2026
भोपाल: टीटी नगर न्यूमार्केट क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाई गई. यह मुहिम नगर निगम के अतिक्रमश प्रभारी के निर्देश पर की गई. इस दौरान रंगमहन चौराहे पर पलाश होटल तक अतिक्रमण को हटाया गया. न्यूमार्केट परिक्षेत्र थाना टीटी नगर से रंग महल चौराहे वहां से होटल पलाश तक अतिक्रमण […]

You May Like