
भिंड। अटेर रोड देहात थाना क्षेत्र में एक शराबी बेटे ने अपने 76 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना देर रात की है। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि आरोपी बेटा घटना के बाद फरार हो गया। अटेर रोड निवासी राहुल जैन ने नशे की हालत में पहले बुजुर्ग पिता हीरामन जैन (76) से विवाद किया। इसके बाद उसने अपने पिता पर बेल्ट और डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उसने सिर, हाथ, पीठ और पैरों पर कई वार किए जिससे हीरामन गंभीर घायल हो गए। इसके बाद आरोपी घायल पिता को कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित के रिश्तेदार सुभाष चंद्र जैन ने बताया कि उन्हें पड़ोसियों ने फोन पर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर हीरामन जैन को कमरे के अंदर गंभीर हालत में कराहते हुए पाया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।
