
भिंड। रौन थाना क्षेत्र के मेहदा गांव में बंदूक की नोक पर युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। मेहदा गांव निवासी सुजान सिंह बघेल और टिकरी खोड गोहद के सचिन सिंह गुर्जर के बीच रंगदारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सचिन अपने वाहन से मेहदा गांव से गुजर रहे थे। रास्ते में सुजान का परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली से गेहूं उतार रहा था। इस दौरान सचिन ने ट्रैक्टर हटाने को कहा, जिस पर विवाद हो गया और गांव के युवकों ने आरोपियों के साथ मारपीट कर दी। हालांकि गांव के कुछ लोगों ने मामला शांत करा दिया। इसी का बदला लेने के लिए रात में सचिन और उसका साथी सुरेंद्र गुर्जर चार पहिया वाहन से मेहदा पहुंचे। चार-पांच राउंड फायरिंग की और खेतों की तरफ जा रहे सुजान को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर ले गए।
