जियोहॉटस्टार की सीरीज़ ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ का ट्रेलर का रिलीज

मुंबई, 15 जून (वार्ता) जियोहॉटस्टार की बहुप्रतीक्षित सीरीज़ ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज़ कर दिया गया है। गोवा की रंगीन और चकाचौंध भरी पृष्ठभूमि पर आधारित ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ दो बिल्कुल अलग व्यक्तित्वों की कहानी है, जो असामान्य परिस्थितियों में एक-दूसरे के साथ जुड़ने के लिए मजबूर हो जाते हैं। कहानी के केंद्र में पेड्रो और प्रीतम हैं। पेड्रो एक पुराने ख्यालात वाला, अनुभव और सहज ज्ञान पर भरोसा करने वाला पुलिस अधिकारी है, जबकि प्रीतम आधुनिक तकनीक में दक्ष, तेज-तर्रार युवा टेक एक्सपर्ट है। दोनों एक ऐसे रहस्य में उलझ जाते हैं, जो उनकी कल्पना से कहीं अधिक जटिल और अप्रत्याशित साबित होता है। जैसे-जैसे उनकी यात्रा आगे बढ़ती है, रहस्य गहराता जाता है, रिश्तों की परीक्षा होती है और हर मोड़ पर नई चुनौतियां सामने आती हैं।

सीरीज़ का निर्माण मशहूर फिल्मकार राजकुमार हिरानी ने किया है, जबकि निर्देशन अविनाश अरुण ने संभाला है। इसमें अरशद वारसी, विक्रांत मैसी, वीर हिरानी, मोना सिंह और बोमन ईरानी जैसे प्रतिभाशाली कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। राजकुमार हिरानी ने कहा कि उन्हें इस कहानी में सबसे अधिक आकर्षित करने वाली बात इसके दो मुख्य किरदारों के बीच का रिश्ता था। उन्होंने बताया कि प्रीतम और पेड्रो पूरी तरह अलग दुनिया से आते हैं और जीवन को देखने का उनका नजरिया भी भिन्न है, लेकिन परिस्थितियां उन्हें एक ही सफर पर साथ चलने के लिए मजबूर कर देती हैं।

निर्देशक अविनाश अरुण ने कहा कि ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ की सबसे खास बात इसकी अप्रत्याशितता है। यह केवल हंसी-मजाक और मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवीय रिश्तों की गहराई को भी सामने लाती है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने मिलकर ऐसी दुनिया रचने की कोशिश की है, जो दर्शकों को पूरी तरह अपने भीतर समेट ले।
अरशद वारसी ने अपने किरदार पेड्रो के बारे में बताते हुए कहा कि वह ऐसा व्यक्ति है, जो ज्यादा सोचने के बजाय अपने दिल और अनुभवों पर भरोसा करता है। यही वजह है कि वह अक्सर ऐसी परिस्थितियों में फंस जाता है, जहां उसे नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शो का पागलपन, हास्य और लगातार मिलने वाले सरप्राइज इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं।

विक्रांत मैसी ने कहा कि उन्हें इस सीरीज़ की ओर इसकी बहुस्तरीय कहानी और मनोरंजक अंदाज ने आकर्षित किया। उनके अनुसार, इसमें कॉमेडी, सस्पेंस, भावनाएं और कई चौंकाने वाले मोड़ हैं। हर किरदार की अपनी अलग यात्रा और मकसद है, जो कहानी को और अधिक वास्तविक बनाता है। वहीं, वीर हिरानी ने कहा कि इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए सीखने का एक अनमोल अवसर रहा। उन्होंने बताया कि सेट पर हर दिन एक मास्टरक्लास जैसा अनुभव होता था, जहां उन्हें अरशद वारसी, विक्रांत मैसी, मोना सिंह और निर्देशक अविनाश अरुण जैसे अनुभवी कलाकारों और फिल्मकारों से बहुत कुछ सीखने को मिला। कॉमेडी, सस्पेंस, इमोशन और एडवेंचर के अनोखे मिश्रण से सजी ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ दर्शकों को एक नया और रोमांचक अनुभव देने का वादा करती है। जियोहॉटस्टार पर इसका विशेष प्रीमियर तीन जुलाई को होगा।

.....

Next Post

कोलेठा सरकार की तपोभूमि पर सजेगा भक्ति का महायज्ञ, 16 जून को निकलेगी कलश यात्रा

Mon Jun 15 , 2026
ग्वालियर। कुलेथ स्थित सिद्धबाबा मंदिर कोलेठा सरकार की पावन तपोभूमि 16 जून से शिवमय होने जा रही है। यहां 9 कुण्डीय शिव शक्ति महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ विशाल कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण […]

You May Like