सीधी : मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी सौम्या आनंद द्वारा सिहावल विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीण आजीविका गतिविधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, हस्तशिल्प तथा मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों पर आधारित रोजगार एवं आय के अवसर बढ़ाने के साथ शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। खुरवाटोला पंचायत में ड्रोन दीदी मनीषा कुशवाह से चर्चा के दौरान ड्रोन संचालन की स्थिति की जानकारी ली गई। ड्रोन की बैटरी खराब होने की जानकारी मिलने पर डीपीएम एसआरएलएम को बैटरी शीघ्र दुरुस्त करवाकर ड्रोन का संचालन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए, ताकि ड्रोन आधारित सेवाओं से दीदी की आय में वृद्धि हो सके।
इसी पंचायत में स्व-सहायता समूह की दीदियों से संवाद के दौरान क्षेत्र में प्याज की अधिक मात्रा में खेती होने की जानकारी दी गई। इस पर स्थानीय उत्पादन को मूल्य संवर्धन से जोड़ने के लिए प्याज प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एवं स्टोरेज इकाई का प्रस्ताव तैयार कर उसके संचालन की दिशा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और समूह की महिलाओं की आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। खुरवाटोला में पंजा दरी से जुड़े बुनकरों से भी चर्चा की गई। सहायक संचालक हथकरघा, हस्तशिल्प एवं डीपीएम एसआरएलएम को पंजा दरी के साथ बाजार की मांग के अनुरूप अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार कराने के निर्देश दिए गए। इनमें स्लिंग बैग, ऑफिस बैग, फाइल बैग, कुशन कवर, डोरमैट सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं।
स्थानीय हस्तशिल्प को नए बाजारों से जोड़ने और उत्पादों में विविधता लाने पर भी जोर दिया गया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान पहाड़ी ग्राम पंचायत स्थित हाई स्कूल का निरीक्षण कर स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए जा रहे मध्यान्ह भोजन का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन के निर्धारित मेनू की जानकारी न तो संबंधित समूह को थी और न ही प्राचार्य को। संबंधित समूह का लोकास पोर्टल पर पंजीयन भी नहीं कराया गया था। जिला पंचायत द्वारा नवीन बर्तन खरीदने के लिए समूह को राशि जारी किए जाने के बावजूद निरीक्षण दिनांक तक बर्तन नहीं खरीदे गए थे। विद्यालय में कार्यरत अध्यापकों के नाम, मध्यान्ह भोजन से जुड़े समूह का नाम तथा निर्धारित मध्यान्ह भोजन मेनू भी दीवार पर प्रदर्शित नहीं कराया गया था।
व्यवस्थाओं में मिली लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित समूह, प्राचार्य एवं जन शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में संलग्न सभी स्व-सहायता समूहों का लोकास पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए बीआरसीसी एवं बीएम एसआरएलएम के संयुक्त शिविर आयोजित करने हेतु आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश प्रभारी अधिकारी पीएम पोषण जिला पंचायत को दिए गए। भ्रमण के दौरान ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, पारंपरिक हस्तशिल्प में नवाचार लाने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया
