छतरपुर में चचेरे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी चले; 6 घायल

छतरपुर। बुंदेलखंड के गांवों में जमीन की रंजिश किस कदर अपनों को ही जानी दुश्मन बना देती है, इसकी एक खौफनाक तस्वीर ईशानगर थाना क्षेत्र के बाजना पुरवा गांव से सामने आई है। बीती शाम करीब 5 बजे खेत पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसी हिंसक झड़प हुई कि देखते ही देखते लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और पत्थर चलने लगे। इस खूनी खेल का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें परिजन ही एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करते नजर आ रहे हैं।

विवाद की जड़: पुश्तैनी जमीन पर कब्जे की जंग

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत तब हुई जब सोनू सिंह चौहान, प्रताप सिंह और अंकित सिंह चौहान अपने खेत पर मौजूद थे। आरोप है कि तभी उनके चचेरे भाई और अन्य लोग वहां पहुंचे और विवादित जमीन पर जबरन खेती करने की कोशिश करने लगे। प्रताप सिंह का दावा है कि जमीन उनके नाम पर दर्ज है। जब उन्होंने कब्जे का विरोध किया, तो बात गाली-गलौज से शुरू होकर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों तक जा पहुँची।

6 लोग जिला अस्पताल में भर्ती

हमलावरों ने कुल्हाड़ी और सब्बल जैसे खतरनाक हथियारों से हमला किया, जिसमें कुल छह लोग लहूलुहान हो गए। घायलों में प्रताप सिंह और सोनू सिंह चौहान की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीच-बचाव करने आए अंकित सहित अन्य लोगों को भी गहरी चोटें आई हैं। हमलावरों की सूची लंबी है, जिसमें धर्मेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह और गजराज सिंह सहित करीब एक दर्जन लोगों के नाम सामने आए हैं।

बलवा और मारपीट का मामला दर्ज

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ईशानगर थाना प्रभारी मनोज गोयल ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर हुई इस भिड़ंत में दोनों पक्षों के खिलाफ बलवा और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के हाथ मारपीट के पुख्ता वीडियो भी लगे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरी रिपोर्ट आने के बाद केस में और भी गंभीर धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।

Next Post

चारा संकट की आहट: छतरपुर में चारा-भूसा के निर्यात पर रोक, 10 जून तक रहेगा प्रतिबंध

Mon Mar 30 , 2026
छतरपुर। जिले में संभावित चारा संकट को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बिजावर सहित पूरे जिले में चारा, घास-भूसा और फसल अवशेष के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है। जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध 10 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि […]

You May Like