
पिपरिया। शुक्रवार दोपहर तहसील अधिवक्ता संघ ने गुरुवार रात एक वकील की कार पर हुए हमले के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संघ ने इस घटना की निंदा करते हुए मध्य प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यह घटना गुरुवार रात शोभापुर-सोहागपुर के बीच हुई। तहसील अधिवक्ता पिपरिया के कार्यकारिणी सदस्य जयदीप सिंह नागपाल के वाहन को आपराधिक तत्वों ने रोककर लोहे की सब्बल से वाहन का कांच फोड़ दिया और वाहन को नुकसान पहुंचाया।
लगातार बढ़ रही घटनाएं
संघ अध्यक्ष कमलेश पुरबिया ने बताया कि वर्तमान में अधिवक्ताओं के साथ मारपीट, हमला और हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के कारण अधिवक्ता न्यायदान की प्रक्रिया में निडर होकर पैरवी करने में स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
अधिवक्ता संघ का मानना है कि अधिवक्ता निर्भीक होकर अपना कार्य कर सकें और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा कर सकें, इसके लिए मध्य प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाना आवश्यक है। संघ ने हमलावरों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी करने और आगामी विधानसभा सत्र में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट पारित कर लागू करने की मांग की।
