नर्मदापुरम। माखननगर रोड स्थित वैदिक विहार कॉलोनी के एक मकान में गुरुवार शाम जुआ खेलते हुए 10 जुआरियों को पुलिस ने रंगेहाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई एक महिला की शिकायत पर की गई। महिला ने कंट्रोल रूम में सूचना दी थी कि कॉलोनी में किराए के एक कमरे में रोजाना कुछ अज्ञात लोग आते-जाते हैं और संदिग्ध गतिविधियां करते हैं।
सूचना मिलते ही शाम करीब 5 बजे देहात थाना पुलिस एएसआई सुखनंदन नर्रे के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर कमरे में दबिश दी। कमरे के अंदर 8 से 10 युवक ताश की गड्डी और रकम के साथ जुआ खेलते मिले। सभी को हिरासत में लेकर सरकारी वाहन से थाने लाया गया।
बताया जा रहा है कि मकान किसी सैनी नामक व्यक्ति का है, जिसके कमरे किराए पर दिए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों के नाम और जब्त राशि का विवरण एफआईआर दर्ज होने के बाद सामने आएगा। पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
