
सतना। शहर के जयस्तंभ चौक के निकट स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी फर्जी निकली। यह घटना कोर्ट कैंपस को बम से उड़ाने की धमकी के सात दिन बाद सामने आई। गुरुवार शाम को पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने डाकघर में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश के बड़े शहरों में डाकघरों में संचालित सभी पासपोर्ट कार्यालयों को 25 मार्च को दोपहर 12:10 बजे आरडीएक्स बम से उड़ाने की धमकी का एक संदिग्ध ई-मेल डाक भवन भोपाल को मिला था। इसी अलर्ट के आधार पर गुरुवार शाम 5:30 बजे सिटी कोतवाली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड मेन मार्केट स्थित डाकघर पहुंचे। यह धमकी भरा ई-मेल भी कथित तौर पर तमिलनाडु से भेजा गया था, जिसमें साइनाइट जहरीली गैस मिले 6 आरडीएक्स बम से धमाके करने का दावा किया गया था। इस आपराधिक कृत्य में भी तमिलनाडु के डिप्टी सीएम उदयनिधि निशाने पर थे। ई-मेल के अंत में ‘नक्सली आईएसआई-डीएमके जिंदाबाद’ लिखा हुआ था।
सप्ताह भर बाद फिर धमकी
इससे पहले 20 मार्च को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यालय की आधिकारिक मेल आईडी पर भी इसी तरह का एक संदिग्ध ई-मेल आया था। इस मामले में सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 353 (3) और 224 के तहत एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिल पाया है क्योंकि मेल जिस राउटर से भेजे जा रहे हैं, उससे आईपी एड्रेस ट्रैक करना संभव नहीं हो पा रहा है।
