सतना : ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है इसकी तस्दीक बुधवार की सुबह उस वक्त होती नजर आई जब एक युवक ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर तौर पर घायल हो गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार नीटू कुमार पिता अरविंद उम्र 18 वर्ष निवासी भगवानपुरा बेगूसराय बिहार, ट्रेन क्र. 12296 दानापुर-बंगलुरु संघमित्रा सुफा एक्सप्रेस में सवार होकर पटना से बंगलुरु तक की यात्रा कर रहा था. बताया गया कि बुधवार की सुबह मैहर से आगे रवाना होने के बाद ट्रेन जब अमदरा-पकरिया रेलवे स्टेशन के बीच से गुजर रही थी उसी दौरान नीटू अचानक नीचे गिर गया.
सुबह तकरीबन 7 बजे हुई इस घटना से ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच हडक़ंप मच गया. आनन-फानन में घटना की सूचना रेलवे कंट्रोल रुम को दी गई. जहां से सूचना मिलने पर प्रआ अरुण पाण्डेय के नेतृत्व में आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई. फौरन ही घायल युवक को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया. युवक के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी हालत को देखते हुए आगे के उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल भेज दिया गया. जहां पर उसका उपचार जारी है. यात्रियों के अनुसार युवक दरवाजे पर खड़ा हुआ था, इसी दौरान अचानक संतुलन बिगडऩे के कारण वह ट्रेन से नीचे जा गिरा.
