बंगलादेश ने श्रीलंका को 202 के स्कोर पर समेटा

नवी मुंबई 20 अक्टूबर (वार्ता) शोरणा अख्तर (तीन विकेट) और राबेया खान (दो विकेट) की अगुवाई में बंगलादेश के गेंदबाजों ने सोमवार को महिला विश्वकप के 21वें मुकाबले में श्रीलंका को 202 के स्कोर पर समेट दिया। आज यहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और उसने पहले ही ओवर की पहली ही गेंद पर विश्मी गुणारत्ने का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी हसिना परेरा ने कप्तान चामरी अटापट्टू के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर में राबेया खान ने चामरी अटापट्टू (46) को पगबाधा कर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद बंगलादेशी गेंदबाजी आक्रमण के आगे श्रीलंका के बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। हसिना पपेरा ने श्रीलंका के लिए सर्वाधिक 85 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 99 गेंदो का सामना किया और 13 चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा नीलाक्षी डिसिल्वा ने 38 गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाते हुए 37 रन बनाये। इन दोनों बल्लेबाजों को शोरणा अख्तर ने आउट किया। श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। बंगलादेशी गेंदबाजों ने श्रीलंका को 48.4 ओवरों में 202 के स्कोर पर समेट दिया।

बंगलादेश की ओर से शोरणा अख्तर ने तीन विकेट लिये। राबेया खान ने दो बल्लेबाजों को आउट किया। मारूफा अख्तर, निशिता ए निशी और नाहिद अख्तर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

ईरान के यूरेनियम भंडार को अमेरिकी-इजराइली हवाई हमलों से कोई नुकसान नहीं

Mon Oct 20 , 2025
विएना, 20 अक्टूबर (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था-अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने कहा है कि जून में हुए इजराइली और अमेरिकी हवाई हमलों से ईरान के अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम के विशाल भंडार को अधिक नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने यह भी बताया कि उसका […]

You May Like