अमरनाथ यात्रा: ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच आज रवाना होगा अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था

श्री अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था जम्मू से रवाना होगा। यात्रा से पहले सुरक्षा, पंजीकरण, स्वास्थ्य और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सावन की आहट के साथ करोड़ों शिवभक्तों की प्रतीक्षा अब समाप्त होने जा रही है। गुरुवार को भगवान शिव के पवित्र धाम श्री अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हो गया है। “हर-हर महादेव” और “जय बाबा बर्फानी” के जयघोषों के बीच यात्रा की शुरुआत को लेकर जम्मू सहित श्रीनगर, पहलगाम और बालटाल के बेस कैंप में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है।

अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ
हर साल देशभर से श्रद्धालू बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर जाते है। इस बार अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 2 जुलाई से हो गई है। श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू स्थित बालटाल और नुनवान बेस कैंप में पहुंचेगा। 3 जुलाई की सुबह यह जत्था 57 दिनों की इस यात्रा के लिए अपने बेस कैंप से अमरनाथ गुफा की तरफ आगे बढ़ेगा। समुद्र तल से करीब 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए श्रद्धालू 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग के जरिए जाएंगे।

ऑपरेशन शिवा से सुरक्षा होगी कड़ी
जम्मू के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भक्तों को बेफिक्र होके दर्शन करने को कहा है और अधिक से अधिक लोगों से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को उनकी सुरक्षा और सुविधा की चिंता करने की बिलकुल भी जरुरत नहीं है। इस बार यात्रा में सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारतीय सेना ने ऑपरेशन शिवा शुरू किया है, जिसके तहत ऊंचाई वाले इलाकों, संवेदनशील मार्गों और दर्रों पर लगातार सेना की नजरें टिकी हुई हैं।

जम्मू-कश्मीर की पुलिस ने भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑपरेशन हॉक आई के जरिए खुफिया निगरानी रखना शुरू किया है जिसने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया है। सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से यात्रा मार्ग की सुरक्षा में तैनात हैं।

अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध
यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन टीमों और मेडिकल कैंपों को भी पूरी तरह सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, भोजन, विश्राम, चिकित्सा और संचार जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन ने यात्रियों से तय दिशा-निर्देशों का पालन करने और केवल अधिकृत मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की है।

श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्री निवास आधार शिविर में बुधवार को प्रशासन ने अंतिम तैयारियां पूरी कर लीं। इस दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ शिविर का दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पंजीकरण केंद्र, स्वास्थ्य सुविधाओं, लंगर, पेयजल, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन सहित श्रद्धालुओं के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रशासन को विश्वास है कि इस बार व्यवस्था पिछले साल से और भी ज्यादा बेहतर होगी।

 

Next Post

एमसीसी सदस्य महिला टी‘20 विश्वकप के फाइनल देखने जरूर आये: रॉबर्ट लॉसन

Thu Jul 2 , 2026
लॉर्ड्स 02 जुलाई (वार्ता) मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के मुख्य कार्यकारी और सचिव रॉबर्ट लॉसन ने क्लब के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि है वे रविवार को यहां में होने वाले महिला टी-20 विश्वकप का फाइनल देखने के लिए जरूर आएं, चाहे गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ […]

You May Like