
बड़वानी। जिला न्यायालय बड़वानी की आधिकारिक ईमेल आईडी पर शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज धमकी भरा मेल आया। मेल में दावा किया था कि कोर्ट और जज के दफ्तरों में 15 जहरीली गैस के बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1 बजे विस्फोट होंगे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेन्द्र कुमार जैन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक को बम दस्ता के माध्यम से जांच कराते हुए जांच रिपोर्ट सौपने को कहा है। सूचना मिलने के बाद अचानक पुलिस बल ने कोर्ट परिसर को अपने कब्जे में ले लिया और परिसर खाली कराकर बैरिकेटिंग की गई। कोर्ट के पास बनी दुकान और वकीलों के चैंबर को एहतियात के तहत बंद कराया गया। साथ ही कोर्ट के सामने, साइड एवं पीछे के रास्तों को सीज कर बैरीकेटिंग की गई। पुलिस की कार्रवाई से शहरवासी आश्चर्य में पड़ गए। दोपहर करीब ढाई बजे खरगोन से आए बम निरोधक दस्ते ने पूरे कोर्ट परिसर में जांच-पड़ताल की।
हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। जानकारी अनुसार जिला एवं सत्र न्यायालय की अधिकृत मेल आईडी पर तामिल भाषा में धमकी भरा ई मेल प्राप्त हुआ था। जिसके बाद उन्होंने एसपी को सूचना दी। दोपहर करीब 12.45 बजे बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात हो गया। कोर्ट के पास सुख विलास कॉलोनी मार्ग को भी बंद किया। वहीं परिसर के पीछे वाले मार्ग से भी आवागमन रोका गया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र कुमार जैन ने कहा कि तामिल भाषा में एक ई मेल प्राप्त हुआ था। जिसके बाद एसपी को अवगत कराया था। हालांकि ऐसे फेक मैसेज आते हैं, जो विचलित करने वाले होते हैं, लेकिन इसे अफवाह नहीं कहा जा सकता। क्योंकि ऐसे मैसेज में अगर कोर्ट के लिए आते हैं, तो आमजन में असुरक्षा का भाव पैदा होता हैं। इसलिए पुलिस के माध्यम से जांच कराई गई। एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने कहा कि जांच में ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली, जो विस्फोटक या जहरीली हो। मध्य प्रदेश के अन्य जिलों में इस प्रकार के ई-मेल प्राप्त होने की बात कही। उन्होंने कहा साइबर और तकनीकी माध्यम से पुलिस जांच कर रही है।
