जबलपुर: चरगवां बीट के बेनी सिंह पिपरिया गांव में एक किसान पर जानलेवा हमला करने के बाद अब भालू ने बेलखेड़ा शहपुरा के कछार में दस्तक दी है जिसको लेकर ग्रामीणों में खासी दहशत व्याप्त हो चुकी है। जानकारी के अनुसार गांव में दो भालुओं के मूवमेंट की खबर मिलने के बाद वन विभाग की टीम पिछले दो दिन से लेकर कछार गांव व उसके आसपास सर्चिंग अभियान चला रही है लेकिन बुधवार तक वन विभाग की टीम को भालू के मूवमेंट की पुष्टि नहीं हुई है।विदित हो कि करीब 6 दिन पहले चरगवां बीट अंतर्गत बेनी सिंह पिपरिया गांव के खेत में जंगली भालू ने 45 साल के किसान संतरात पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में खासी दहशत व्याप्त हो चुकी है।
खेतों के पास नजर आए थे दो भालू
बेलखेड़ा शहपुरा के कछार गांव निवासी मुन्ना, दिनेश, पप्पू चौरसिया सहित अन्य ने नवभारत को बताया कि गांव की बाहरी सड़क और खेतों के पास भालुओं को देखा गया है। अंधेरा होने पर भालू आबादी वाले क्षेत्र में घुसकर मवेशियों या इंसानों पर हमला कर सकते हैं। इसलिए वन विभाग से मांग की गई है कि तत्काल रेस्क्यू कर भालुओं को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए।
सुनवारा गांव में लगाए गए 4 कैमरे
शहपुरा रेंजर के अनुसार चरगवां बीट के अंतर्गत ग्राम सुनवारा में तेंंदुए के मूवमेंट की खबर को लेकर वहां अलग-अलग चार जगह कैमरे लगाए गए हैं जिससे तेंदुआ की लोकेशन मिल सके और फिर उसका रेस्क्यू किया जा सके।
इनका कहना है
बेलखेड़ा, शहपुरा के कछार इलाके में वन विभाग की टीम पिछले दो दिनों से लगातार गश्त कर रही है लेकिन भालु के मूवमेंट की कोई पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय ग्रामीणों को सुरक्षा के लिहाज से सतर्क रहने कहा गया है। भालुओं के मूवमेंट की सूचना पर वन विभाग की टीमें गांव में मौजूद होकर गश्त कर रहीं हैं।
सरिता सिंह, रेंजर, शहपुरा
