
इंदौर. शहर में एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है, जिसमें एक महिला ने खुद को तलाकशुदा बताकर एक वकील से विवाह किया और अपने प्रेमी को सगा भाई बताकर घर में प्रवेश दिला दिया. बाद में पति को शिलांग ले जाकर कथित तौर पर जहर देकर हत्या का प्रयास किया. समय रहते पीड़ित के सतर्क हो जाने से साजिश नाकाम हो गई.
खुड़ैल पुलिस के अनुसार, फरियादी पेशे से वकील हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश निवासी नीलिमा सेंगर का प्रोफाइल एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर देखा था. बातचीत के बाद दोनों ने विवाह कर लिया. शादी के कुछ समय बाद शुभम सेंगर उर्फ गुप्ता नामक युवक का घर आना-जाना शुरू हुआ, जिसे महिला ने अपना भाई बताया. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कुछ समय बाद पत्नी घूमने के बहाने उन्हें शिलांग ले गई, वहां भोजन में कथित रूप से संदिग्ध पदार्थ मिलाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई और खून की उल्टियां होने लगीं. आरोप है कि सुनसान क्षेत्र में ले जाकर खाई में धक्का देने की योजना भी बनाई गई थी, ताकि घटना को दुर्घटना दर्शाया जा सके. संदेह होने पर वकील ने महिला की पृष्ठभूमि की जांच करवाई. कोर्ट से प्राप्त पूर्व तलाक संबंधी दस्तावेजों में उल्लेख मिला कि शुभम उसका सगा भाई नहीं, बल्कि प्रेमी है. साथ ही यह भी सामने आया कि शुभम का वास्तविक उपनाम ‘गुप्ता’ है, न कि ‘सेंगर’. सच्चाई सामने आते ही महिला घर से लाखों रुपए के जेवरात समेटकर फरार हो गई. पीड़ित का दावा है कि फोन पर हुई बातचीत में महिला ने शुभम के साथ अपने संबंध स्वीकार किए. खुड़ैल पुलिस ने आरोपी नीलिमा और उसके साथी शुभम गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया है.
