राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में दो छात्रों का चयन

साल्हेवारा/दुर्ग (वार्ता) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सेजेस विद्यालय साल्हेवारा के दो छात्रों ने पाटन में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय तलवारबाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने का गौरव प्राप्त किया है। कक्षा 9वीं की छात्रा भावना झारिया और कक्षा 8वीं के छात्र शनि शुक्ला ने राज्य प्रतियोगिता में क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते हैं।

भावना झारिया ने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि शनि शुक्ला ने व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक और टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों का चयन अब महाराष्ट्र में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

इस सफलता का श्रेय कोच अजय कुमार और पीटीआई जनक लाल साहू के मार्गदर्शन को दिया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने इन खिलाड़ियों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें प्राचार्य विनीत दास सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने भाग लिया।

शनि शुक्ला के परिवार की खेलों में सक्रिय भागीदारी रही है। उनके बड़े भाई हिमांशु शुक्ला भी माउंटेन साइकलिंग में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इस उपलब्धि ने सम्पूर्ण वनांचल क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

Next Post

अयान की बदौलत पटना पाइरेट्स ने हार का सिलसिला तोड़ा, पुनेरी पल्टन को 11 अंक से हराया

Tue Sep 9 , 2025
विशाखापट्टनम, 09 सितंबर ( वार्ता) तीन बार के चैंपियन पटना पाइरेट्स ने आखिरकार हार का सिलसिला तोड़ते हुए जीत का स्वाद चख लिया है। विश्वनाध स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में सोमवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन के 22वें मैच में पटना ने अयान लोचन (21 अंक) […]

You May Like