
विशाखापट्टनम, 09 सितंबर ( वार्ता) तीन बार के चैंपियन पटना पाइरेट्स ने आखिरकार हार का सिलसिला तोड़ते हुए जीत का स्वाद चख लिया है। विश्वनाध स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में सोमवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन के 22वें मैच में पटना ने अयान लोचन (21 अंक) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पल्टन को 48-37 से हराया।
लगातार तीन हार के बाद पटना को पहली जीत मिली है जबकि पल्टन को लगातार तीन जीत के बाद लगातार दूसरी हार मिली है। पल्टन के लिए कोई खिलाड़ी सराहनीय प्रदर्शन नहीं कर सका। उसके स्टार रेडर असलम इनामदार (1) छह बार डिफेंस करते हुए अयान के हाथों आउट हुए। स्थानापन्न के तौर पर खेल रहे सचिन (6) ने कुछ हद तक प्रभावित किया।
अयान ने मैच की पहली रेड पर गुरदीप को बाहर किया और फिर दूसरी रेड पर तीन खिलाड़ियों को आउट कर पटना को 4-1 की लीड दिला दी। अगली रेड पर अयान ने गौरव का शिकार कर लिया। फिर पटना के डिफेंस ने असलम को लपक पल्टन को आलआउट की ओर धकेला और फिर इसे अंजाम देकर 10-3 की लीड ले ली।
अयान लगातार रेड कर रहे थे। आलइन के बाद की अपनी पहली रेड पर अयान ने असलम को बाहर कर पल्टन को बड़ा झटका दिया। फिर पटना के डिफेंस ने मोहिते और आदित्य को लपक स्कोर 13-4 कर दिया। फिर अयान ने पल्टन को दूसरी बार सुपर टैकल की स्थिति में डाला। ब्रेक के अयान ने पल्टन को दूसरी बार आलआउट कर 19-6 की लीड दिला दी।
पल्टन के डिफेंस ने 13वें मिनट में सुधाकर को लपक डिफेंस का खाता खोला। इसके बाद अयान ने गुरदीप को आउट कर सुपर-10 पूरा किया। 22-9 के स्कोर पर अयान ने तीसरी बार असलम का शिकार कर लिया। इस बीच पटना के डिफेंस ने पंकज को डू ओर डाई रेड पर लपक अंकों का फासला 25-10 किया और फिर अयान ने इसी तरह की रेड पर अंक ले लिया।
हाफटाइम से ठीक पहले नवदीप ने अबिनेश को लपक पल्टन को दो खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया। पटना 27-10 के स्कोर पर ब्रेक पर गए। हाफटाइम के ठीक बाद पटना ने तीसरी बार पल्टन को आलआउट करते हुए 32-12 की लीड ले ली। आलइन से पहली पल्टन ने तीन बदलाव किए। इस बीच अयान ने पांचवीं बार असलम को आउट कर दिया।
पटना ने जल्द ही अपनी लीड 23 अंक की कर ली। इस बीच सचिन ने असलम को रिवाइव करा लिया लेकिन अयान ने छठी बार उन्हें बाहर कर दिया। असलम अब तक 15 मिनट मैट से बाहर थे। इस बीच सचिन ने मल्टीप्वाइंट रेड कर स्कोर 16-37 कर दिया। अगली रेड पर आदित्य ने असलम को रिवाइव करा लिया लेकिन वह सब्सीट्यूट कर दिए गए।
इस बीच पल्टन ने पहली बार पटना को सुपर टैकल की स्थिति में डाला और फिर आलआउट की ओर धकेला और फिर इसे अंजाम देकर स्कोर 24-41 कर दिया। पल्टन ने इसके बाद भी अपना प्रयास जारी रखा और पटना को फिर से सुपर टैकल की स्थिति में ले आए लेकिन आशीष ने सचिन को सुपर टैकल कर वापसी की संभावना को खत्म कर दिया।
इसके बाद हालांकि पल्टन ने पटना को दूसरी बार आलआउट कर स्कोर 36-46 कर दिया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। वैसे एक समय 23 अंक से पीछे चल रही पल्टन ने जिस तरह से हार के अंतर को कम किया वह काबिलेतारीफ है।
