
इंदौर।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर अशोकनगर जिले के मुंगावली में मामला दर्ज किए जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिए फर्जी प्रकरण दर्ज करवा रही है। इसी क्रम में कल इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता बड़ी संख्या में जुटकर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के बाद संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांग्रेस ने इस मामले को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए एफआईआर वापस लेने और प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि इस प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखें और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करें।
