सतना: जिले के पिपरीकला गांव से एक गंभीर शिकायत सामने आई है, जिसमें एक आशा कार्यकर्ता पर प्रसूता के परिवार से अवैध रूप से रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखित रूप से दी गई है। शिकायतकर्ता अजय चौधरी, निवासी पिपरीकला तहसील बिरसिंहपुर, जिला सतना ने बताया कि उनकी पत्नी कंचन चौधरी की डिलिवरी 14 फरवरी 2026 को ऑपरेशन के माध्यम से हुई थी।
आरोप है कि इस दौरान आशा कार्यकर्ता माधुरी त्रिपाठी ने 6,000 रुपये की मांग की और राशि प्राप्त की। अजय चौधरी का दावा है कि रुपये लेने की बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके मोबाइल फोन में सुरक्षित है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आशा कार्यकर्ता द्वारा उन्हें छुट्टी पत्रक (डिस्चार्ज स्लिप) और टीकाकरण कार्ड देने में आनाकानी की गई। गौरतलब है कि पीड़ित परिजन और आशा कार्यकर्ता के बीच फोन पर हुई बातचीत में आशा द्वारा यह स्वीकार किया गया कि यह रुपए उसने ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक को देने के लिए प्राप्त किए थे।
निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सतना से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत गुरुवार को दर्ज कराई गई है। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संभावना है।
