धमतरी में सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की मृत्यु, साय ने शोक व्यक्त किया

धमतरी/रायपुर, 14 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की मृत्यु हो गयी, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी बाईपास के पास हुआ, जहां जवानों से भरी एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जगदलपुर स्थित 201 बटालियन से जवानों को लेकर आ रही एक कार खपरी बाईपास के समीप अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और जवान कार के भीतर फंस गए। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की सहायता से वाहन में फंसे जवानों को बाहर निकाला।

दुर्घटना में दो जवानों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य जवानों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक अन्य जवान का उपचार जारी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले जवानों के प्रति शोक व्यक्त किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में समर्पित जवानों का इस प्रकार असामयिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है और यह राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल जवान के बेहतर उपचार किया जाये और और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

 

 

 

Next Post

गलत जांच रिपोर्ट लगाने वालों पर तो दर्ज हो एफआईआर : योगी

Sat Feb 14 , 2026
गोरखपुर 14 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी मामले में जांच के दौरान यदि गलत रिपोर्ट लगाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। योगी ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों […]

You May Like