नयी दिल्ली, 10 फरवरी (वार्ता) देश में मोबाइल ग्राहकों की संख्या दिसंबर 2025 में मासिक आधार पर 0.59 प्रतिशत बढ़कर 124.42 करोड़ के पार पहुंच गयी जिनमें 116.30 करोड़ सक्रिय ग्राहक हैं।
इससे पहले नवंबर 2025 में कुल मोबाइल ग्राहकों की संख्या 123.70 करोड़ रही थी।
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के मंगलवार को जारी आंकड़े में बताया गया है कि शहरी और ग्रामीण दोंनों क्षेत्रों में मोबाइल ग्राहक बढ़े हैं। गत 31 दिसंबर को शहरी ग्राहकों की संख्या 71.20 करोड़ और ग्रामीण ग्राहकों की 53.22 करोड़ रही। शहरी क्षेत्रों में ग्रामीण के मुकाबले अधिक तेज वृद्धि हुई है। शहरी क्षेत्र की मासिक वृद्धि दर 1.01 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र की 0.02 प्रतिशत रही।
देश में मोबाइल टेली-घनत्व 86.94 प्रतिशत से बढ़कर 87.38 प्रतिशत पर पहुंच गयी। शहरी क्षेत्रों में जहां टेली-घनत्व बढ़कर 139.08 प्रतिशत पर पहुंच गयी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह 58.37 प्रतिशत से घटकर 58.36 प्रतिशत रह गयी।
देश में ब्रॉड बैंड ग्राहकों की कुल संख्या 100.74 करोड़ रही। इसमें 96.21 करोड़ वायरलेस ग्राहक और 4.53 करोड़ वायरलाइन ग्राहक हैं। टेलीफोन ग्राहकों की कुल संख्या 130.61 करोड़ पर पहुंच गयी। इसमें 125.88 करोड़ वायरलेस और 4.74 करोड़ वायरलाइन ग्राहक हैं।
दिसंबर में कुल 85.3 लाख टेलीफोन ग्राहक बढ़े हैं जिसमें 82.1 लाख वायरलेस और 3.2 लाख वायरलाइन ग्राहक हैं।
ट्राई ने बताया कि दिसंबर में 1.61 करोड़ ग्राहकों ने मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी के लिए आवेदन किया है।
ब्रॉडबैंड सेवा देनी वाली कंपनियों में 51.44 करोड़ (51.06 प्रतिशत) के साथ रिलायंस जिओ इंफोकॉम पहले नंबर पर रही। भारती एयरटेल 31.43 करोड़ (31.20 प्रतिशत) और वोडाफोन आइडिया 12.85 करोड़ (12.75 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रही।
