आयोग ने मतदाता सूची में तीन लाख नये नाम जोड़ने को लेकर कांग्रेस को दिया जवाब

नयी दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मतदाता सूची में तीन लाख नये नाम जोड़ने संबंधी कांग्रेस के सवाल पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि मतदान से दस दिन पहले तक सूची में नये नाम जोड़ने का नियम है और उसी के तहत 30 सितम्बर की सूची के मुकाबले छह अक्टूबर की मतदाता सूची में तीन लाख नये मतदाता जोड़े गये हैं।
आयोग ने एक सप्ताह के भीतर मतदाता सूची में तीन लाख नये जाड़ने को लेकर कांग्रेस के सवालों का जवाब देते हुए कहा है कि आयोग के नियमों में मतदान से दस दिन पहले तक यदि कोई मतदाता नाम जोड़ना चाहता है तो उसे मतदाता सूची में जोड़ने का विधान है। आयोग ने कहा है कि बिहार में अतिरिक्त तीन लाख मतदाताओं के बढने को लेकर कांग्रेस ने जो सवाल उठाया है उस पर स्पष्टीकरण देना जरूरी है।
चुनाव आयोग के अनुसार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने 6 अक्टूबर को प्रेस नोट में बिहार में कुल मतदाताओं की संख्या 7.42 करोड़ और मतदान के बाद की विज्ञप्ति में 7.45 करोड़ बताई है। कांग्रेस ने अतिरिक्त तीन लाख वोटरों को बढने को लेकर जो सवाल उठाए हैं उन पर स्पष्टीकरण जरूरी है।
आयोग ने कहा “छह अक्टूबर को बताई गई 7.42 करोड़ निर्वाचकों की संख्या, 30 सितंबर को निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित थी। विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद 30 सितंबर को जारी अंतिम निर्वाचक सूची में कुल संख्या 7.42 करोड़ थी। निर्वाचन नियमों के अनुसार, चुनाव की घोषणा के बाद प्रत्येक चरण में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से 10 दिन पूर्व तक कोई भी पात्र नागरिक निर्वाचक सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। अतः एक अक्टूबर से लेकर दोनों चरणों में नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पूर्व तक प्राप्त सभी वैध आवेदनों की जांच कर पात्र निर्वाचकों के नाम नियमानुसार सूची में जोड़े गए, ताकि कोई भी योग्य निर्वाचक मतदान से वंचित न रहे।”
आयोग ने आगे कहा “इसी कारण, 30 सितंबर को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक सूची के बाद एक अक्टूबर से लेकर नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पूर्व तक प्राप्त आवेदनों को सम्मिलित करते हुए निर्वाचकों की संख्या में लगभग तीन लाख की वृद्धि हुई।”

Next Post

अभ्यास 'गरुड़' में एक दूसरे के साथ रणकौशल के गुर साझा करेंगी भारत और फ्रांस की वायु सेना

Sat Nov 15 , 2025
नयी दिल्ली 15 नवम्बर (वार्ता) भारतीय वायु सेना करीब दो सप्ताह तक फ्रांस के मोंट-डे-मार्सन में फ्रांसीसी वायु सेना के साथ द्विपक्षीय वायु अभ्यास ‘गरुड़ 25’ में रणकौशल के गुर और अनुभव साझा करेगी। वायु सेना ने शनिवार को यहां एक वक्तव्य जारी कर कहा कि वायु सेनाकर्मियों का दल […]

You May Like