वाशिंगटन, 10 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने रक्षा ठेकेदारों को उनके काम के बड़े पैमाने पर होने वाले ऑडिट की चेतावनी दी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि क्या वे अपने अनुबंधों को उचित तरीके से पूरा कर रहे हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल को मिले अमेरिका के ‘वॉर फॉर एक्विजिशन एंड सस्टेनमेंट’ के अंडर सेक्रेटरी माइकल डफी के ईमेल के अनुसार जनवरी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शिकायत की थी कि अमेरिकी सैनिकों के लिए हथियार और उपकरण पर्याप्त तेजी से तैयार नहीं किये जा रहे हैं। उन्होंने मांग की थी कि रक्षा कंपनियां नयी और आधुनिक उत्पादन सुविधाएं बनाएं। श्री ट्रंप ने यह भी कहा कि जब तक सैन्य उपकरणों के उत्पादन और रख-रखाव में होने वाली देर खत्म नहीं कर दी जाती, तब तक वह रक्षा कंपनियों के लाभांश के भुगतान और शेयरों की पुनर्खरीद पर रोक लगा देंगे।
अखबार ने रक्षा ठेकेदारों को संबोधित श्री डफी के छह फरवरी के पत्र का एक अंश सोमवार को उद्धृत कर लिखा, “हमने इस कार्यकारी आदेश के हिस्से के रूप में कंपनी के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए प्रारंभिक समीक्षा पूरी कर ली है। अब समीक्षा की एक विस्तारित अवधि से गुजरेंगे, जिसमें हम अनुपालन न करने का निर्धारण करेंगे। निर्णय अवधि के बाद हम सुधार योजनाओं को शुरू करने के लिए चिह्नित कंपनियों के संपर्क में रहेंगे।” पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने चेतावनी दी कि यदि प्रगति जारी नहीं रहती है तो विभाग ‘प्रवर्तन कार्रवाई’ करेगा। वॉल स्ट्रीट जनरल ने श्री पार्नेल के हवाले से कहा, “वॉर विभाग उनके साथ साझेदारी करेगा, जो प्रदर्शन करेंगे और जो प्रदर्शन नहीं करेंगे उन्हें जवाबदेह ठहरायेगा।”
रिपोर्ट में कहा गया है कि रक्षा ठेकेदार कठिन दुविधा का सामना कर रहे हैं, क्योंकि वे श्री ट्रंप और अपने शेयरधारकों दोनों को संतुष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। दिसंबर 2025 में श्री ट्रंप ने वित्तीय वर्ष 2026 के लिए देश के रक्षा बजट पर हस्ताक्षर किये थे, जिसकी कीमत 900 बिलियन डॉलर (81.50 लाख करोड़ रुपये) से अधिक है।

