नयी दिल्ली/महबूबनगर (तेलंगाना), 04 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को कांग्रेस एवं तेलंगाना की रेवंत रेड्डी सरकार पर तीखा हमला बोला तथा आरोप लगाया कि यह सरकार मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और दलितों, एससी-एसटी, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों के साथ ही महिलाओं की लगातार अनदेखी कर रही है।
श्री नवीन ने आज महबूबनगर में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता कांग्रेस की सच्चाई समझ चुकी है और आगामी निकाय चुनाव भाजपा के लिए नए नेतृत्व और संगठन को मजबूत करने का बड़ा अवसर हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की राजनीति आज एक गंभीर मोड़ पर खड़ी है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का पूरा ध्यान केवल तुष्टीकरण की राजनीति पर केंद्रित है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने तेलुगु भाषा, संस्कृति और सनातन परंपराओं का अपमान किया है और खुले मंच से “कांग्रेस ही मुस्लिम है, मुस्लिम ही कांग्रेस है” जैसे नारे देकर अपनी मानसिकता उजागर की है। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल कांग्रेस की सोच को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि मुख्यमंत्री को तेलंगाना की जनता की भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं है।
श्री नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने एससी-एसटी के बजट में कटौती की, जबकि अल्पसंख्यक आयोग और अल्पसंख्यक विभाग का बजट बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि यह साफ संकेत है कि कांग्रेस सरकार के लिए दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग प्राथमिकता में नहीं हैं। आदिवासी समुदाय की समस्याओं की ओर भी सरकार आंखें मूंदे बैठी है। उन्होंने कहा कि कुछ गिने-चुने वोटों के लिए पूरे राज्य के सामाजिक संतुलन से खिलवाड़ किया जा रहा है।
श्री नवनी ने मंदिरों पर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य के कई हिस्सों में मंदिरों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराएं भारत की आत्मा हैं और यदि इन्हें चोट पहुंचाने की कोशिश की गई, तो भाजपा कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंदिरों, देवी-देवताओं या हिंदू पर्व-त्योहारों के अपमान का प्रयास हुआ, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।
श्री नवीन ने महिलाओं के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि रेवंत रेड्डी सरकार महिलाओं के प्रति पूरी तरह उदासीन है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं को 2500 रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया था, लेकिन दो वर्ष बीतने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ। इसके उलट, राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएंगे और उनकी लड़ाई को मजबूती देंगे।
श्री नवीन ने कांग्रेस सरकार को “कमीशन और वसूली की सरकार” बताते हुए कहा कि किसानों, एससी-एसटी, ओबीसी और गरीबों से किए गए वादे केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि रायथू योजना, अंबेडकर अभय हस्तम और आवास योजनाओं पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास ही जनता को ठगने का रहा है और तेलंगाना की जनता अब इस सच्चाई को पहचान चुकी है।
श्री नवीन ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तेलंगाना के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि रेलवे के लिए 5454 करोड़ रुपये की परियोजनाएं, हैदराबाद-पुणे, हैदराबाद-बैंगलोर और हैदराबाद-चेन्नई हाई-स्पीड कॉरिडोर, राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड, हैदराबाद-नागपुर औद्योगिक कॉरिडोर और हैदराबाद-वारंगल परियोजनाएं मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती साख का जिक्र करते हुए श्री नवीन ने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर मजबूत स्थिति में है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को नई पहचान मिली है। उन्होंने तेलंगाना की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
श्री नवीन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर बूथ पर 50 प्रतिशत वोट हासिल करने के लक्ष्य के साथ पूरी निष्ठा से काम करें। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल सत्ता की नहीं, बल्कि तेलंगाना के भविष्य और सम्मान की लड़ाई है। संगठन की ताकत और जनता के समर्थन से 2028 तक तेलंगाना में भाजपा को स्थायी रूप से मजबूत किया जाएगा।
सम्मेलन में तेलंगाना प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्रन राव, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती डीके अरुणा, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में बूथ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
