
सौंसर। सौंसर विधानसभा के औद्योगिक क्षेत्र में आए दिन चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में जानमाल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, पिछले एक माह में एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं घटित हो चुकी हैं।
हाल ही में सतनुर में अशोक सोनी तथा बोरगांव में ताजणे के घर के सामने खड़े ट्रैक्टर से अज्ञात चोरों ने बैटरी चुरा ली। इसके अलावा बोरगांव में दिनदहाड़े एक वृद्ध महिला के साथ हुई ठगी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। वहीं, तिनखेड़ा में दिनदहाड़े हुई चोरी के आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में बाहर से काम करने आने वाले मजदूरों का कोई रिकॉर्ड पुलिस के पास नहीं होता। कई बार ये लोग ठेका खत्म होते ही गायब हो जाते हैं। नागरिकों ने मांग की है कि लेबर कॉन्ट्रेक्टर के माध्यम से आने वाले बाहरी लोगों का ब्योरा पुलिस द्वारा अनिवार्य रूप से जांचा जाए।
इधर, लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान चलाया जा रहा है और हाल ही में कुछ मामलों में सफलता भी मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि औद्योगिक क्षेत्र में हो रही घटनाओं का भी जल्द ही पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
