
अनूपपुर। महिला स्व सहायता समूहों को आर्थिक सशक्त बनाने और हस्तशिल्पियों के उत्पादों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित सामतपुर तालाब परिसर में आज से तीन दिवसीय आकांक्षा हाट का शुभारंभ हुआ। मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल एवं शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह हाट 30 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर मंत्री एवं सांसद ने स्व सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता व उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह हाट स्व सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम है, जहां स्थानीय उत्पादों को पहचान और बाजार दोनों उपलब्ध हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री और सांसद ने समूह की दीदियों द्वारा तैयार कोदो की खीर और इडली का स्वाद भी लिया तथा आकांक्षा हाट के सेल्फी प्वाइंट पर समूह के उत्पादों के साथ फोटो खिंचवाए।
आकांक्षा हाट में कुल 12 स्टाल लगाए गए हैं, जिनमें स्व सहायता समूहों द्वारा कोदो से बने कुकीज, नमकीन, खीर, इडली, पुलाव के साथ-साथ शहद, गोंडी चित्रकला, बीजापुरी काष्ठ शिल्प, मूर्तिकला, अचार, पापड़, बड़ी, चिप्स, वाश प्रोडक्ट (हैंडवाश, डिशवॉश, साबुन) तथा स्थानीय व्यंजन शामिल हैं। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान, जिला पंचायत सीईओ तन्मय वशिष्ठ शर्मा, एसडीएम पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट, एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन शशांक प्रताप सिंह, सहायक संचालक उद्यान सुभाष चन्द्र श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्व सहायता समूह की महिलाएं एवं आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
