सतना: रोजगार अथवा स्वरोजगार को लेकर भले ही बेहिसाब दावे किए जाएं लेकिन हकीकत उस समय सामने आती है जब युवाओं के लिए नौकरी की कीमत अपनी जान से बढ़कर नजर आने लगे। कुछ ऐसा ही नजारा शहर में उस समय देखने को मिला नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं की भीड़ इस कदर बेकाबू हो गई कि भगदड़ मचने के साथ साथ लोगों ने छत से कूदने का प्रयास किया। हालांकि सोचने मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन हालत के मद्देनजर बेबस खड़े रहने के अलावा पुलिसकर्मियों के पास कोई चारा नहीं था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के भरहुत नगर क्षेत्र में एक प्रमुख सीमेंट ग्रुप के कार्यालय के बाहर सैकड़ों बेरोजगार युवा इंटरव्यू देने पहुंचे थे। जिसके कारण परिसर और आसपास की सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ इतनी अधिक थी कि कार्यालय परिसर में पैर रखने की जगह नहीं बची। कार्यालय के बाहर सड़क पर भी जाम लग गया। स्थानीय निवासियों ने किसी अप्रिय घटना की आशंका में पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस भी इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करने में बेबस नजर आई। बताया गया कि सतना के अलावा कटनी, मैहर और पन्ना जैसे शहरों से आए युवाओं में अव्यवस्था को लेकर नाराजगी थी। लंबे इंतजार के बाद भी जब वे कार्यालय के अंदर नहीं जा पाए, तो कुछ युवाओं ने जान जोखिम में डालकर बाउंड्री वॉल पर चढ़ना शुरू कर दिया। कई अन्य लोग बगल की इमारत के सहारे कार्यालय की छत पर कूदकर सीढ़ियों से अंदर घुसने का प्रयास करने लगे। जिससे पूरा इलाका अफरा-तफरी का शिकार हो गया। वहीं मौके पर मौजूद पुलिस भी इतनी भारी भीड़ को नियंत्रित करने में असहाय नजर आई।
जारी हुआ था विज्ञापन
सीमेंट कंपनी ने हाल ही में एक विज्ञापन जारी किया था, जिसमें सीमेंट प्लांट में सीधी भर्ती के लिए 1 फरवरी को भरहुत नगर स्थित कार्यालय में युवाओं को बुलाया गया था। उम्मीदवारों को अपना रिज्यूम और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने को कहा गया था। यह भर्ती इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल इंजीनियरों, मशीन ऑपरेटरों और कई अन्य पदों के लिए थी
