सीहोर। आगामी 10 फरवरी से प्रारंभ होने वाली माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में निर्धारित 101 परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त कलेक्टर प्रतिनिधियों की जिला पंचायत सभाकक्ष में बैठक एवं एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया.
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त कलेक्टर प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाओं का संचालन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ किया जाए. प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर समय से पूर्व पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाए. प्रश्न पत्रों की गोपनीयता एवं सुरक्षित वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षार्थियों को शांत और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक एवं अन्य स्टाफ के साथ सतत समन्वय बनाए रखें. उपस्थिति, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तर पुस्तिका संधारण एवं सीलिंग की प्रक्रिया का नियमानुसार पालन किया जाए तथा परीक्षा समाप्ति उपरांत आवश्यक प्रतिवेदन समय-सीमा में प्रस्तुत किया जाए. सीईओ यादव ने कलेक्टर प्रतिनिधियों से कहा कि वे परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या या आपात स्थिति की जानकारी अधिकारियों को दें और शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करें. प्रशिक्षण के दौरान ई गवर्नेंस जिला प्रबंधक गौरव बंसल द्वारा सभी प्रतिनिधियों को ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन, सेल्फी अपलोड तथा अन्य गतिविधियों के संचालन का प्रशिक्षण प्रदान किया गया.
