स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में पुलिस की नई पहल

इंदौर: यातायात व्यवस्था को और बेहतर व आधुनिक बनाने की दिशा में इंदौर पुलिस ने स्मार्ट पुलिसिंग की एक नई पहल की शुरुआत की. पुलिस कमिश्नर ने 11 हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक्स को हरी झंडी दिखाकर फील्ड के लिए रवाना किया. ये बाइक्स विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों, संकरी गलियों और आपात स्थितियों में त्वरित नियंत्रण के लिए उपयोग में लाई जाएंगी. पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध/मुख्यालय अमित कुमार सिंह, डीसीपी ट्रैफिक आनंद कलादगी और ट्रैफिक पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इन आधुनिक बाइक्स में इमरजेंसी लाइट, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, अग्निशमन यंत्र, बॉडी वार्न कैमरा और फर्स्ट एड किट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इनकी मदद से पुलिसकर्मी न केवल ट्रैफिक नियंत्रण, बल्कि दुर्घटनाओं या आपात परिस्थितियों में तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य भी कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि ये हाईटेक पेट्रोलिंग बाइकें उन इलाकों में विशेष रूप से उपयोगी साबित होंगी, जहां बड़ी गाड़ियां नहीं पहुंच पातीं.

जैसे- संकरी गलियां, बाजार क्षेत्र, त्योहारी आयोजनों के स्थल या हाईवे पर जाम की स्थिति. इन बाइकों से पुलिसकर्मी तेजी से मूवमेंट कर सकेंगे और रियल टाइम में ट्रैफिक फ्लो को नियंत्रित रख पाएंगे. कमिश्नर ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए फिलहाल ये 11 बाइक्स शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में 22 अक्टूबर तक लगातार पेट्रोलिंग करेंगी. उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल यातायात प्रबंधन को सशक्त बनाएगी, बल्कि स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में इंदौर पुलिस के कदम को एक नया आयाम देगी.

Next Post

त्योहारों की शांति व सुरक्षा को लेकर पुलिस कर रही सघन चेकिंग

Sat Oct 18 , 2025
इंदौर:दीपावली पर्व को देखते हुए शहर में शांति व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर पुलिस ने विशेष चेकिंग और सर्चिंग अभियान शुरू किया है. पुलिस उपायुक्त जोन-2 के निर्देशन में जोन-2 के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई की गई. अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान संभावित आपराधिक गतिविधियों […]

You May Like