प्रदूषण की समस्या पर सदन में चर्चा करके इसके समाधान के लिए योजना बनायी जाये: राहुल

नयी दिल्ली, 12 दिसंबर (वार्ता) लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को राजधानी सहित देश के बड़े शहरों में दमघाेंटू प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सदन में इस पर विस्तृत चर्चा करके इस गंभीर समस्या के समाधान के रास्ते खोजे जाने चाहिए।

श्री गांधी ने शून्यकाल में इस मुद्दे पर कहा कि बच्चों, बुजुर्गों सहित सभी को प्रदूषण से अत्यंत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्गों को प्रदूषण के कारण सांस लेना पाना मुश्किल हो रहा है। इससे शहरी क्षेत्रों खासकर महानगरों में बड़ी संख्या में लोगों काे सांस संबंधी बीमारियां जकड़ रही हैं। कैंसर जैसी घातक बीमारी भी प्रदूषण के कारण बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण पर सदन में होने वाली चर्चा में आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर यहां से देश को यह संदेश जाना चाहिए कि इस अत्यंत गंभीर समस्या के समाधान के लिए सारे राजनीतिक दल एकमत हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा में सांस लेना जनता का मौलिक अधिकार है, उनका मानना है कि प्रदूषण से निपटने के लिए एक योजना लायी जानी चाहिए, जिससे इस समस्या का प्रभावी समाधान निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदूषण पर मात्र चिंता व्यक्त कर देने से और इसे दूर करने के प्रयास किये जा रहे हैं, ऐसा कह देने से कुछ नहीं होगा। इस गंभीर संकट के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कार्य करने पड़ेंगे।

इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार प्रदूषण के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। इस मुद्दे को कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में लायेंगे और फिर सदन को इसकी जानकारी देंगे। उन्होंने कहा, “हम सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए तैयार हैं।”

 

 

Next Post

तेलंगाना निकाय चुनाव: कांग्रेस ने सबसे ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की

Fri Dec 12 , 2025
हैदराबाद 12 दिसंबर (वार्ता) तेलंगाना में सत्तारुढ़ कांग्रेस ने स्थानीय निकाय चुनावों के प्रथम चरण में सबसे ज्यादा सीटों पर जीत हासिल कर ली है। प्रदेश चुनाव आयोग ने शुक्रवार को तीन चरणीय ग्राम पंचायत चुनावों के प्रथम चरण के चुनावों के परिणामों की घोषणा की। प्रारंभिक रुझानों के अनुसार […]

You May Like