ग्वालियर: समाज विभिन्न घटकों से बनता है। विविधता होने से समस्याओं का होना स्वाभाविक है। लेकिन हर समस्या का समाधान भी है। बस उसके लिए सही प्रयास चाहिए। समन्वय, सह अस्तित्व, कर्तव्य पालन और नैतिक मूल्य अपनाने से ही समस्याओं का समाधान होगा।यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य भैयाजी जोशी ने राष्ट्रोत्थान न्यास की ज्ञान प्रबोधिनी व्याख्यान माला में मुख्य वक्ता की आसंदी से कही।
सांस्कृतिक मूल्यों की संरक्षक एवं संवर्धक मातृशक्ति विषय पर एलएनआईपीई के रवीन्द्र नाथ टैगोर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग संघचालक प्रहलाद सबनानी एवं राष्ट्रोत्थान न्यास के अध्यक्ष डॉ.जगजीत सिंह नामधारी भी मंचासीन रहे। मुख्य वक्ता जोशी ने कहा कि जिस तरह शरीर विभिन्न अंगों से बना है और सभी का महत्व है। इसी तरह समाज भी विभिन्न घटकों से बना है। समरसता से ही समाज और राष्ट्र का भला होगा। उन्होंने कहा कि शोषण और भेदभाव मुक्त जीवन से ही समाज और राष्ट्र का चहुंमुखी विकास संभव है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह एक मछली मरने से पूरा तालाब गंदा हो जाता है, उसी तरह एक व्यक्ति के दूषित होने से समाज प्रभावित होता है। इसके लिए संस्कार, शिक्षा, श्रेष्ठ जीवन मूल्यों का होना जरूरी है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का परिचय माधवी सिंह तोमर ने दिया। स्वागत प्रियंका कुशवाह, सुमन सिकरवार ने किया। व्यक्तिगत गीत निधि मिश्रा ने प्रस्तुत किया। संचालन अंजलि भार्गव ने एवं आभार डॉ.जगजीत सिंह नामधारी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन वंदेमातरम् के सामूहिक गान से हुआ।
सामाजिक चेतना का केंद्र है राष्ट्रोत्थन न्यास
कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए डॉ.जगजीत सिंह नामधारी ने राष्ट्रोत्थान न्यास की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि न्यास सामाजिक चेतना का केंद्र है। न्यास द्वारा चिकित्सा केंद्र, योग केंद्र के अलावा सामाजिक समरसता बढ़ाने के लिए सतत प्रयास किए जाते हैं। इसी तारतम्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा धर्म, संस्कृति और राष्ट्रीयता का संचार करने के लिए साहित्य भी उपलब्ध है।
