प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने तो अज्ञात कारणों से महिला ने लगाई फांसी

इंदौर: शहर के लसूड़िया थानांतर्गत एक युवक और तेजाजी नगर क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि सिमरोल में एक हादसे में घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई. लसूड़िया में युवक की मौत के मामले में पुलिस को करीब पांच महीने पहले प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद की जानकारी मिली है. हालांकि आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.
पुलिस के अनुसार, लसूड़िया के सिंगापुर टाउनशिप स्थित श्रीनाथ ग्रीन व्यू में 30 वर्षीय शुभम पटेल ने देर रात फांसी लगा ली. वह अगरबत्ती कारखाने में काम करता था. रात करीब 12.30 बजे घर लौटकर कमरे में गया था. कुछ देर बाद कमरे से आवाज आने पर परिजनों ने रोशनदान से देखा तो शुभम फंदे पर लटका था. उसे पहले नजदीकी अस्पताल और फिर एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि इलाके की एक युवती से शुभम का प्रेम प्रसंग था. करीब पांच महीने पहले युवती के पिता ने शुभम के साथ मारपीट की थी. इसके बाद उसने लसूड़िया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.
शराब पीने की आदी महिला ने किया सुसाइड
तेजाजी नगर के मेरोद गांव में 35 वर्षीय संगीता पति स्वर्गीय भरत राठौर ने घर में फांसी लगा ली. परिजनों ने पुलिस को बताया कि संगीता शराब पीने की आदी थी. उसके दो बेटे हैं, जो मकान निर्माण के काम से जुड़े हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है. इधर, सिमरोल क्षेत्र में घर के सामने रखे सरिए में पैर उलझने से गिरे 45 वर्षीय किसान दिनेश पुत्र हिंदू सिंह की एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे. पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है.

Next Post

स्टेट बैंक का ऐलान-तीन दिनों तक एटीएम ट्रांजैक्शन शुल्क माफ- खूब करें लेनदेन

Sat Sep 26 , 2026
ग्वालियर: स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने 28 से 30 सितंबर तक एटीएम से नकद निकासी पर ट्रांजैक्शन शुल्क माफ करने का एलान किया है। बैंक के मुताबिक, प्रस्तावित 3 दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के दौरान ग्राहक देश के किसी भी बैंक के एटीएम से बिना अतिरिक्त शुल्क के लेनदेन कर […]

You May Like