भोपाल: मप्र में बारिश का दौर जारी है. प्रदेश के अधिकांश जिलों में रविवार को बारिश के आसार बने हुए हैं. मौसम विभाग ने सिवनी, मंडला, पाढ़र्णा नर्मदापुरम, बैतूल, बालाघाट, छिंदवाड़ा सहित जिलों में बारिश की संभावना व्यक्त की है. जिलों में मूसलाधार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. इसके साथ ही गुना, श्योरपुरकलां, ग्वालियर, दतिया, विदिशा, राजगढ़, टीकमगढ़, शाजापुर, छतरपुर, शिवपुरी, अशोकनगर सहित जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
प्रदेश में फिलहाल बारिश का दौर जारी रहने की की संभावना मौसम विभाग ने जताई गई है.मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ़, माध्य समुद्र तल पर भटिंडा, रोहतक, दिल्ली (रिज), हरदोई, बाराबंकी, देहरी, बांकुरा, कोंटाई और फिर पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है. 13 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और संलग्न पश्चिम-मध्य में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.
एक ट्रफ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण से पूर्वी उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से होते हुए झारखंड तक माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है. एक ट्रफ़, गुजरात से पश्चिम मध्य प्रदेश होते हुए पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण तक माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है.
