जबलपुर:पाटन में पुरानी रंजिश के चलते दो बदमाशों ने कार से आकर एक युवक के साथ सरेराह विवाद किया और उसे डराने के लिए 12 बोर की दुनाली बंदूक से हवाई फायर कर दिया। बंदूक का ट्रिगर दबते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गोली आसमान की तरफ चलने से युवक की जान बाल-बाल बच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, ग्राम कटरा बेलखेड़ा निवासी रोहित सिंह लोधी 25 वर्षीय ने आज शिकायत दर्ज कराई है कि उसके बड़े भाई राहुल सिंह लोधी का गांव के ही अजय सिंह लोधी और जितेन्द्र लोधी के साथ ठाकुर ढाबा के पास किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस वक्त मामला शांत हो गया था, लेकिन घटना के कुछ देर बाद जब रोहित, उसका भाई राहुल, चचेरा भाई कृष्णपाल और चाचा वीर सिंह सड़क किनारे खड़े थे, तभी अजय और जितेन्द्र अपनी आई-10 कार से वहां पहुंचे। दोनों आरोपियों ने कार के भीतर बैठे-बैठे ही राहुल को देखते ही विवाद शुरू कर दिया राहुल ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी अजय लोधी ने डराने के इरादे से कार में रखी अपनी 12 बोर की दुनाली बंदूक बाहर निकाल ली।
उतावलेपन में दबा ट्रिगर, मची अफरा-तफरी
अजय लोधी ने बंदूक की नाल आसमान की तरफ तानी ही थी कि बहसबाजी के दौरान उतावलेपन में उसके हाथ से बंदूक का ट्रिगर दब गया। गोली चलने की जोरदार आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई। गनीमत रही कि निशाना ऊपर की ओर था, जिससे किसी को चोट नहीं आई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बंदूक लहराते हुए कार से भाग निकले।
