इंदौर: मानपुर थाना क्षेत्र में देर रात आपसी विवाद के चलते दो युवकों ने एक 17 वर्षीय किशोर पर हमला कर दिया. गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने पीड़ित के सिर पर कड़ा और मुक्कों से वार किए, जिससे उसे चोटें आईं.उण्डवा निवासी 17 वर्षीय रितिक रात करीब आठ बजे नवोदय विद्यालय के गेट के बाहर निकला था. तभी वहां नयापुरा निवासी अर्पित और रायखुंडा निवासी मुकेश मिले.
अर्पित ने पुराने विवाद का हवाला देकर रितिक पर पहले मारपीट का आरोप लगाया. जब रितिक ने इंकार किया तो दोनों आरोपी भड़क गए और मां-बहन की गालियां देने लगे. गाली-गलौज का विरोध करने पर अर्पित ने अपने हाथ के कड़े से रितिक के सिर पर वार किया और मुकेश ने मुक्कों से सिर और कंधे पर हमला किया. इससे पीड़ित को सिर और कान के पास सहित कंधे पर चोट आई. पुलिस ने आरोपियों अर्पित और मुकेश के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
