इंदौर:दीपावली पर्व को देखते हुए शहर में शांति व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर पुलिस ने विशेष चेकिंग और सर्चिंग अभियान शुरू किया है. पुलिस उपायुक्त जोन-2 के निर्देशन में जोन-2 के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई की गई. अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान संभावित आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखना और भीड़भाड़ वाले इलाकों में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है.
अभियान के तहत थाना खजराना, कनाड़िया, परदेशीपुरा, एमआईजी, लसूड़िया और विजयनगर पुलिस ने एक साथ मोर्चा संभाला. खजराना और कनाड़िया थाना क्षेत्र में बंगाली चौराहे पर सघन चेकिंग की गई, जहां 50 से अधिक वाहनों को रोका गया और 12 संदिग्ध वाहनों को थाने लाकर तस्दीक उपरांत छोड़ा. वहीं, परदेशीपुरा और एमआईजी थाना क्षेत्र में परदेशीपुरा चौराहे से एलआईजी चौराहे तक अभियान चलाया.
पुलिस ने व्यापारियों को दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करने और वाहनों को व्यवस्थित पार्किंग में लगाने की समझाइश दी. इस दौरान बिना नंबर के वाहनों के करीब 50 चालान बनाए गए. जबकि, एमआईजी क्षेत्र में एक वाहन से अवैध शराब भी जप्त की गई. इसी तरह से लसूड़िया और विजयनगर थानों द्वारा स्कीम नंबर 78, 74 और एबी रोड क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के संभावित ठिकानों, शराब दुकानों के आसपास और सुनसान इलाकों में सर्चिंग कर कई चालान बनाए गए.
जोन-2 के अंतर्गत चलाए गए इस विशेष अभियान में अब तक शराब पीकर वाहन चालकों के 16, तीन सवारी चालकों के 49 और बिना नंबर, मॉडिफाई सायलेंसर व बिना हेलमेट चालकों के 26 चालान बनाए गए, जिससे चालानों की संख्या 90 तक पहुंच गई. त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के ग्राम कनाड़िया और देवास नाका पटाखा बाजार के दुकानदारों के साथ भी बैठक आयोजित की गई.
