मैहर:बाधंवगढ़ टाइगर रिजर्व से बाणसागर बांध पार कर मैहर वन मंडल की अमरपाटन रेंज में पहुंचे एक कॉलर आईडी युक्त नर हाथी (ई -5 / सी -4) ने ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत फैला दी है. रामनगर जनपद क्षेत्र की सेमरिया ग्राम पंचायत में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात हाथी ने जमकर उत्पात मचाया और दो अलग-अलग मकानों को नुकसान पहुंचाया.
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह हाथी 28-29 अक्टूबर की दरमियानी रात सेमरिया ग्राम पंचायत में दाखिल हुआ था. वनकर्मियों ने बताया की हाथी दिन में जंगल में रहता है, लेकिन रात का अंधेरा होते ही रिहायशी इलाकों की ओर निकल पड़ता है. वर्तमान में इस हाथी की मौजूदगी गोरसरी पहाड़ क्षेत्र के आसपास बताई जा रही है. हाथी को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है अमरपाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण इलाकों में हाथी ने दो घरों को निशाना बनाया जिसमे गांव में घुसे हाथी ने अधिवक्ता संतोष पांडेय के घर की बाउंड्री वॉल और दीवार को तोड़ दिया. इसके साथ ही मनकहरी गांव में एक ग्रामीण का कच्चा मकान भी पूरी तरह गिरा दिया. घटना के बाद मौके पर हाथी के पैरों के भारी निशान भी पाए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है.
वन विभाग की चेतावनी और अपील
वन विभाग ने आसपास के गांवों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की अपील जारी की है. विभाग द्वारा ग्रामीणों को अकेले जंगल की तरफ न जाने की सख्त सलाह दी गई है. साथ ही हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने, उसका पीछा करने या भीड़ इकट्ठा करने से बचने और वन अधिकारियों को हाथी की मूमेंट की जानकारी देने कहा गया है. इसके अलावा वनकर्मियों ने ग्रामीणों से महुआ या अनाज रखने वाले स्थानों पर रात में सोने से परहेज करने की अपील की गई है. अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मौके पर गश्त कर रही है.
