नयी दिल्ली, 24 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने अमेरिका स्थित आतंकवादी और अलगाववादी समूह सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के महासचिव गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ एक और प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है।
पन्नू पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ख़िलाफ़ धमकी भरे बयान देने और हिंसा भड़काने का आरोप है। उन पर खालिस्तान समर्थक भावनाओं को भड़काने का भी आरोप है।
नए एफआईआर के अनुसार, पन्नू ने कथित रूप से सिख सैनिकों को स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त, 2025) पर श्री मोदी को लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने से रोकने के लिए उकसाया था।
सूत्रों का कहना है कि पन्नू पर इस कार्य के लिए सैनिकों को 11 करोड़ रुपये का प्रस्ताव देने का आरोप है। एनआईए ने पहले भी आरोपी के खिलाफ कई अन्य मामले दर्ज किए हैं।
