जयपुर, 02 जनवरी (वार्ता) राजस्थान में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानून बनाने की मांग को लेकर किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट के नेतृत्व में 101 किसानों ने गुरुवार को जयपुर में शहीद स्मारक पर उपवास रखा।
किसान महापंचायत के प्रवक्ता गोपाल सैनी ने बताया कि उपवास के दौरान सभी प्रतिनिधियों ने 29 जनवरी को ‘गांव बंद आन्दोलन’ के आगाज का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया जिसमें राजस्थान के 45 हजार 537 गांव में इस आन्दोलन को प्रभावी ढंग से लागू किया जावेगा। इस आंदोलन के तहत गांव का व्यक्ति गांव में रहेगा, गांव का उत्पाद गांव में रहेगा। आपातकालीन स्थितियों को छोड़कर बस, जीप, रेल या अन्य किसी भी यातायात साधन का उपयोग नहीं किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि किसी को गांव का कोई उत्पाद खरीदना होगा तो उसे गांव में आकर खरीदना पड़ेगा। गांव बंद का प्रयोग ब्रह्मास्त्र के रूप में किया जावेगा। श्री सैनी ने बताया कि इसके परिणामस्वरुप मोलभाव की शक्ति किसान के पास आ जायेगी और वह अपने उत्पाद का दाम स्वयं निर्धारण कर सकेगा। गांव बंद स्वेच्छा पर आधारित होगा। इसकी सफलता के लिए राज्य भर में जनजागरण किया जाएगा।
