बगदरी फॉल में डूबा बालक,पिकनिक मनाने पहुंचे थे पांच दोस्त

जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत बगदरी फॉल में रविवार को पिकनिक मनाने दोस्तों के साथ पहुंचा बालक तेज बहाव में बह गया। हादसे से मौके पर चीख पुकार मच गई। दोस्तों ने वहां मौजूद लोगों की मदद से दोस्त को बचाने की कोशिश की लेकिन जब वह चंद ही पलों में आंखों से ओझल हो गया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि पांच दोस्त पिकनिक मनाने बगदरी फॉल पहुंचे थे, जहां बाइक की चॉबी गुम गई थी जिसे तलाशते समय बालक गहरे पानी में चला गया था तभी वह हादसे का शिकार हो गया।

चॉबी ढूंढते समय हुआ हादसा

पाटन थाना प्रभारी गोविन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि साहिल केवट पिता संजू केवट 16 वर्षीय निवासी प्रेम सागर, हनुमानताल का अपने पांच दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने रविवार दोपहर तीन बजे मोटर सायकिलों से बगदरी फॉल पहुंचा था, जहां सभी दोस्त मस्ती कर फॉल में नहा रहे थे, इसी दौरान बाइक की चाबी गुम गई, जिसे सभी तलाश रहे थे। तलाशते समय साहिल केवट फॉल में गहरे पानी में उतर गया और देखते ही देखते तेज बहाव में बह गया।

देर शाम तक चला रेस्क्यू, सुराग नहीं

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश मेें रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक फॉल में उसकी तलाश कराई गई परंतु उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। अंधेरा होने से रेस्क्यू बंद कर दिया गया।

आज फिर होगी तलाश, परिवार में छाया मातम

हादसे की सूचना तत्काल बालक के परिजनों को दे दी गई, सूचना मिलते ही परिजन पहुंंच गए थे और चीख पुकार मची रही। परिवार में मातम पसर गया उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि हंसी खुशी घर से निकला उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। बालक की तलाश में आज पुन: रेस्क्यू ऑपरेशन चलेगा।

 

16 जुलाई को निदान फॉल मेेंं हुआ था हादसा

मानसून सीजन में पिकनिक स्पॉट मेंं हर साल हादसे होते हैं, उसके बावजूद भी यहां कोई सख्त कदम नहीं उठाए जाते है लोग जान को जोखिम में डालते है और हादसे का शिकार हो जाते है। विदित हो कि 16 अगस्त को कटंगी थाना अंतर्गत निदान फॉल में हादसा हुआ था पांच दोस्त पिकनिक मनाने पहुंचे थे मस्ती करते समय झरने पर चढ़ते समय पैर फिसलने से राजेन्द्र झारिया पिता चरण झारिया 33 वर्ष निवासी रानीदुर्गावती वार्ड का गिर गया था जिसकी मौत हो गई थी।

इनका कहना है

दोस्तों के साथ पहुंचा बालक बगदरी फॉल में बह गया है जिसकी तलाश कराई जा रही है। फिलहाल उसका सुराग नहीं लगा है।

लोकेश डाबर,

एसडीओपी, पाटन

Next Post

तीन युवकों से मारपीट, ढाबा में तोडफ़ोड़

Mon Aug 11 , 2025
जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में बदमाश ने एक युवक पर पाइप से हमला कर दिया, बीच बचाव करने पहुंचे दो युवकों के साथ मार कर ढाबा में तोडफ़ोड़ कर दी। पुलिस ने बताया कि शंभू महतो 38 वर्ष निवासी पनागर ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि देवरी निवासी गुल्ली शर्मा ने […]

You May Like