
इंदौर. श्रीराम नगर में एक महिला ने सास के तानों से तंग आकर उसे बाथरूम में पत्थर से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था. वारदात को अंजाम देने के बाद बहू ने यह दिखाने की कोशिश की कि सास बाथरूम में गिरकर मरी है, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई. पुलिस ने बहू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
मृतका की पहचान गोमतीबाई पति कौशलप्रसाद पटेल निवासी श्रीराम नगर के रूप में हुई थी. आरोपी बहू का नाम नेहा पटेल है, जो मूल रूप से नरसिंहपुर की रहने वाली है. उसने पुलिस को बताया कि यह उसकी दूसरी शादी है. पहले पति से पांच साल का बेटा है, जो उसके साथ नहीं रहता. उस प्रसव के बाद उसने नसबंदी करा ली थी. करीब डेढ़ साल पहले संदीप पटेल से दूसरी शादी हुई, जो खरगोन की एक निजी कंपनी में कार्यरत है.
हादसे का रूप देने की कोशिश
हत्या के बाद नेहा ने यह दिखाने की कोशिश की कि गोमतीबाई बाथरूम में फिसलकर गिरी और सिर लगने से मौत हो गई. लेकिन मौके की परिस्थितियों और शव की स्थिति से पुलिस को संदेह हुआ. सख्ती से पूछताछ में नेहा ने हत्या करना कबूल लिया. घटना के समय उसका पति संदीप घर पर नहीं था. वह देर रात लौटा. पुलिस आज उससे बयान लेगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस हत्या के पीछे कोई और कारण या साजिश तो नहीं है. पुलिस इस मामले में हत्या के पीछे के सामाजिक, मानसिक और घरेलू कारणों की भी जांच कर रही है. साथ ही, नेहा के पूर्व वैवाहिक जीवन और वर्तमान संबंधों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.
