अजमेर 02 जनवरी (वार्ता) राजस्थान के अजमेर में विश्व प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती के 813वां उर्स शुरू हो गया और इसके बाद ख्वाजा साहब के पवित्र मजार पर चादर चढ़ाने का दौर शुरु हो गया।
उर्स के शुरु होने पर जायरीनों की भीड़ उमडने लगी हैं और बड़ी संख्या में जायरीन अजमेर दरगाह शरीफ पहुंचने लगे हैं। इससे अजमेर में रौनक बढ़ गई हैं। लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से चादर पेश की गई। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद साबिर खान श्री पासवान की तरफ से चादर लेकर दरगाह पहुंचे और पवित्र मजार पर चादर पेश कर देश में अमन चैन की दुआ मांगी।
उर्स पर अभिनेता सुबोध गुलाटी, समर पसरीचा और शालीन मल्होत्रा ने भी दरगाह के निजाम गेट से जुलूस के साथ चादर लेकर गये और ख्वाजा साहब की दरगाह पर पेश की। उन्होंने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। इन कलाकारों ने इस दौरान देश की प्रगति और फिल्म इंडस्ट्री की तरक्की के लिए प्रार्थना की।
आपसी भाईचारा एवं सद्भाव का प्रतीक ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में उर्स के मौके पर हर वर्ष लाखों श्रद्धालु अजमेर पहुंचते हैं जिसमें पडौसी देश पाकिस्तान से भी जत्था दरगाह में हाजरी लगाने आता है।
इस मौके पुलिस एवं प्रशासन ने उर्स के दौरान सुरक्षा एवं आवश्यक सभी सुविधा एवं व्यवस्था का पूरा प्रबंध किया गया हैं और पूरा पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया हैं।
