बूढ़ा बांध के पास नियमों को ताक पर रखकर अवैध उत्खनन

छतरपुर। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत बूढ़ा बांध के समीप नियमों को दरकिनार कर अवैध उत्खनन किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पहाड़ी क्षेत्र में चल रहे अवैध उत्खनन को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की पर्यावरणीय सुरक्षा और जल स्रोतों के लिए घातक बताया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस खदान में उत्खनन किया जा रहा है, उसकी वैध अनुमति लगभग एक वर्ष पहले ही समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद खुलेआम भारी मशीनों के माध्यम से पहाड़ी की खुदाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र की हरित पट्टी, प्राकृतिक संरचना और भू-जल स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अवैध उत्खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं।

ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि एक ओर प्रशासन वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़े-बड़े दावे करता है, वहीं दूसरी ओर अवैध खनन पर आंखें मूंदे बैठा है। स्थानीय सरपंच ने तत्काल खनन कार्य बंद कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

 

 

Next Post

आचार्य विद्यासागर के समाधि दिवस पर विनयांजलि, भूपेन्द्र सिंह ने लिया मुनिसंघ का आशीर्वाद

Wed Jan 28 , 2026
​सागर। संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के द्वितीय समाधि दिवस के अवसर पर नमकमंडी प्रांगण में भव्य विनयांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम में सम्मिलित होकर आचार्य श्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन […]

You May Like