
नवभारत न्यूज
रतलाम। नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत आज सुबह हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने पर्दाफाश महज दो घंटे के भीतर कर दिया। मामूली बात पर दो आरोपियों ने एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर शव नाले के पास फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह फरियादी नेपाल पिता जगदीश डोडिया जाति भील उम्र 35 साल निवासी ग्राम सिमलावदाखुर्द थाना नामली को सूचना दी गई कि उसके भाई ईश्वर उर्फ छोटु की लाश जड़वासाकला पुलिया के नीचे पडी हुई है। उसके पास ही उसकी टुटी हुई मोटर सायकल भी पडी है। ईश्वर उर्फ छोटु का गला कटा हुआ है। किसी ने धारदार हथियार से उसका गला रेतकर उसकी हत्या कर दी है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मारपीट कर चाकू से गला काट की हत्या
घटना स्थल से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों को एकत्रित किया गया। घटना स्थल से खून में लथपथ चाकू जप्त किए गए, जो दिखने में ढाबे पर उपयोग किए जाने वाले चाकू जैसे थे। घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही विशाल उर्फ देवांश पिता रतनलाल रावत जाति भाट निवासी बजरंग नगर रतलाम की तलाश कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में विशाल ने बताया कि अपने दोस्त वीरेंद्र सिंह उर्फ उर्फ भुरिया सोनगरा निवासी रिंगनिया के साथ मिलकर ईश्वर उर्फ छोटू को मेरे ढाबे के पास बने पुल पर ले जाकर मारपीट कर चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश को नाले की तरफ लुढक़ा दी तथा ईश्वर की मोटर साइकिल भी ढाबे से ले जाकर वही पटक दी। उसके बाद आरोपी विरेन्द्रसिंह ने अपनी मोटरसाइकिल से विशाल को घर छोड़ दिया जहां से दोनों आरोपी अलग अलग फरार होने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपी विशाल उर्फ देवांश एवं वीरेंद्र सिंह उर्फ भूरिया दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल उर्फ देवांश पिता रतनलाल रावत (24) निवासी बजरंग नगर रतलाम एवं विरेन्द्रसिंह उर्फ भुरिया पिता लोभसिंह सोनगरा (25) निवासी ग्राम रिंगनिया थाना नामली को गिरफ्तार किया गया हैं। आरोपियों से कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर वारदात की पूरी जानकारी पुलिस को दी
हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में आरोपी विशाल उर्फ देवांश ने बताया कि मृतक ईश्वर उर्फ छोटु डोडिया मेरे ढाबे पर आकर गाली गलोच कर रहा था। ईश्वर उर्फ छोटु डोडिया गालिया देते हुए विरेन्द्रसिंह उर्फ भुरिया सोनगरा निवासी रिंगनिया जो मेरे ढाबे पर बैठा था उससे भी विवाद कर रहा था। इसी कारण आरोपी विशाल और विरेन्द्रसिंह द्वारा ईश्वर की मारपीट कर चाकू से हत्या कर दी।
